Explore

Search

Friday, September 4, 2026, 10:12 am

Friday, September 4, 2026, 10:12 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

जन्माष्टमी उत्सव : गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित कर भारत विकास परिषद ने संस्कारों की सीख दी

गांधी मैदान के पास सरदारपुरा में केके मॉडर्न सीनियर सैकंडी स्कूल में हुआ अनूठा आयोजन

दिलीप कुमार पुरोहित, जोधपुर

भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा द्वारा गुरुवार को प्रातः 11:00 बजे के.के. मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरदारपुरा, गांधी मैदान के पास, जोधपुर में बाल संस्कार के अंतर्गत जन्माष्टमी उत्सव एवं गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, उत्साह एवं रचनात्मकता से सभी का मन मोह लिया। विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप कुल 7 पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आगामी शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय के सभी शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के 35 आदरणीय गुरुजनों का सम्मान तथा 19 मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती वसुमति शर्मा ने प्रेरणादायी उद्बोधन प्रदान किया। शाखा अध्यक्ष सुरेशचंद्र भूतड़ा ने परिषद के सदस्यों का परिचय करवाते हुए भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा द्वारा संचालित विभिन्न सेवा एवं संस्कार गतिविधियों की जानकारी दी। जिला महिला समन्वयक अर्चना बिड़ला ने भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को गुरुजनों के प्रति सम्मान, अनुशासन एवं संस्कारों के महत्व का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती शोभा ने भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के लिए परिषद परिवार का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। परिषद की ओर से प्रधानाध्यापिका श्रीमती शोभा का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर श्रीमती अर्चना बिड़ला ने सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई तथा आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शाखा सचिव राजेंद्र कुमार मंत्री, सेवा संयोजक सीताराम राठी, डॉ. ए.सी.एच. माथुर ने भी सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम पर एक नजर :

कार्यक्रम में सहभागिता एवं सम्मान का विवरण
कुल विद्यार्थी – 400
सम्मानित मेधावी विद्यार्थी – 19
सम्मानित शिक्षक – 35
परिषद सदस्य – 6
अभिभावक – 20
कुल सहभागिता – 480

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना, उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जन्माष्टमी उत्सव एवं गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन के इस आयोजन में पूरा वातावरण भारतीय संस्कृति, संस्कार, भक्ति एवं राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत रहा।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor