7 शहरों की 10 फ्लाइट्स, रोजाना करीब 1500 यात्रियों को मिल सकता है फायदा; एयरलाइंस कंपनियों से जवाब का इंतजार
जोधपुर। जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए सुबह जल्दी और देर रात उड़ानों के संचालन की उम्मीद बढ़ गई है। नए एयरपोर्ट टर्मिनल के शुरू होने के बावजूद वर्तमान में उड़ानों का संचालन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ही हो रहा है। अब इस समयावधि को बढ़ाकर सुबह जल्दी और देर रात तक उड़ानों के संचालन की मांग को लेकर मामला कोर्ट तक पहुंचा है।
मामले की सुनवाई के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने हाईकोर्ट में कहा कि नया टर्मिनल पूरी तरह कार्यशील है। सुबह जल्दी और देर रात उड़ानों के संचालन में कोई बाधा नहीं है। AAI ने इस संबंध में शपथपत्र भी हाईकोर्ट में दाखिल किया है।
एयरलाइंस कंपनियों से मांगा गया जवाब
विमान संचालन करने वाली एयरलाइंस कंपनियों को भी शपथ पत्र की प्रति भेजी गई है। उनसे जवाब देने के लिए समय दिया गया है। बताया गया कि नए एयरपोर्ट का संचालन 4 जुलाई से शुरू हुआ था और फिलहाल उड़ानों का संचालन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक किया जा रहा है। मामले की सुनवाई न्यायाधीश विनीत कुमार माथुर और चंद्रशेखर शर्मा की खंडपीठ में हुई। कोर्ट ने एयरलाइंस कंपनियों से जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 27 अक्टूबर को होगी।
7 शहरों के लिए 10 फ्लाइट्स
जोधपुर एयरपोर्ट से वर्तमान में करीब 7 शहरों के लिए 10 फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं। इनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे, हैदराबाद और ग्रेटर नोएडा शामिल हैं। एयरपोर्ट पर प्रतिदिन करीब 1500 यात्रियों का आवागमन हो रहा है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार नए टर्मिनल भवन के साथ 12 एप्रन तैयार हैं। यहां रात में विमानों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर रात में टर्मिनल से टेकऑफ और लैंडिंग की व्यवस्था भी की जा सकती है।
फ्लाइट्स बढ़ने की भी संभावना
एयरपोर्ट पर मौजूदा सुविधाओं के साथ उड़ानों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। नए टर्मिनल में पर्याप्त पार्किंग और संचालन सुविधाएं उपलब्ध होने से एयरलाइंस को सुबह और देर रात उड़ानों के संचालन में सुविधा मिल सकती है।
पिछले विंटर सीजन में जोधपुर से करीब 8 शहरों के लिए कनेक्टिविटी थी। अब यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ नई फ्लाइट्स और बेहतर समय-सारिणी की मांग भी बढ़ रही है। यदि एयरलाइंस कंपनियां सुबह जल्दी और देर रात उड़ानों के संचालन पर सहमति देती हैं, तो जोधपुर से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है।

