-मधुबन हाउसिंग बोर्ड में श्रद्धालुओं में अपार उत्साह, सुनारों की घाटी, 12वीं रोड, बनाड़ से भी निकली रथयात्रा
शिव वर्मा. जोधपुर
मधुबन हाउसिंग बोर्ड के मधुकेश्वर महादेव मंदिर में आज जगन्नाथ महोत्सव की धूम रही। यहां हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में भाग लिया। यहां मेले जैसा माहौल रहा और श्रद्धालुओं का अपार जोश देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालु जुटना शुरू हो गए थे। गौरतलब है कि भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के 15 दिन बाद ज्वर से ठीक होने पर रथयात्रा निकाली गई।
रथ को श्रद्धालुओं ने समूह में खींचा। इसके साथ ही भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगते रहे। मंदिर प्रशासन की ओर से शीतल जल की व्यवस्था की गई और रथयात्रा के बाद मंदिर के पीछे पार्क में प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। मधुकेश्वर महादेव मंदिर महिला विकास संस्थान के पुजारी राजेंद्रप्रसाद दाधीच ने बताया कि भगवान जगन्नाथ 15 दिनों से रुग्णावस्था में थे। आज पूरी तरह ठीक होने पर रथयात्रा निकाली गई। इस रथ में भगवान जगन्नाथ के अलावा बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाएं भी सवार थीं। श्रद्धालुओं में भारी जोश देखने को मिला। रविवार को उड़ीसा मूल के लोगों के साथ जोधपुर के लोगों ने भी इस आयोजन में शिरकत की।
शहर में चार जगह से निकली रथयात्रा
शहर में सुनारों की घाटी, 12वीं रोड, मधुबन हाउसिंग बोर्ड और बनाड़ से रथयात्रा निकाली गई। सुनारों की घाटी स्थित 350 साल पुराने जगदीश मंदिर के पुजारी वीरेंद्र शर्मा और नरेंद्र शर्मा ने बताया कि सुबह 8 बजे जगन्नाथ की रथयात्रा की शुरुआत हुई। भगवान की आरती कर इसकी शुरुआत हुई। रथयात्रा जगदीश मंदिर सुनारों की घाटी से होते हुए सिटी पुलिस, कटला बाजार होते हुए घंटाघर पहुंचकर पुन: जगदीश मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को रथ पर विराजमान कर ढोल यात्रा के साथ अगुवानी की गई। दिलीप शर्मा, नीरज शर्मा, आशीष शर्मा, पीयूष शर्मा, गौरव गौड़, पंडिज विजयदत्त पुरोहित, अज्जुभाई, चिराग सोनी, हर्षित तंबोली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शरीक हुए।






