Explore

Search

Friday, July 10, 2026, 6:22 pm

Friday, July 10, 2026, 6:22 pm

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

जैन संत प्रवर्तक सुकनमुनि व उपप्रवर्तक अमृतमुनि का चातुर्मास 22 साल बाद सोजत सिटी होगा

वर्षावास को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह उमंग, तैयारियाें में जुटे कार्यकर्ता

सोहनलाल वैष्णव बोरुंदा (जोधपुर)

जैन जगत की विरल विभूति श्री मरुधर केसरी मिश्रीमल जी की दीक्षा धरा पर मरुधर केसरी के सुशिष्य श्रमण संघ प्रवर्तक गुरुदेव सुकन मुनि म.सा. उपप्रवर्तक ज्योतिष सम्राट अमृत मुनि म. सा. का आगामी वर्षाकालीन चातुर्मास सोजत सिटी में होगा। चार माह का वर्षावास चातुर्मास स्थल कोट का मोहला स्थित आचार्य श्री रघुनाथ स्मृति जैन भवन जैन बड़ा स्थानक में आयोजित होगा। श्रमण संघ के दिव्य चातुर्मास को लेकर चातुर्मास स्थल की आकर्षक साज सज्जा के साथ जोरदार तैयारिया की जा रही है।

गूंजे गुरु भगवन्तों के जयकारे
सोजत सिटी में चातुर्मास की घोषणा स्वयं श्रमण संघ प्रवर्तक सुकन मुनि ने श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ सोजत सिटी की पुरजोर विनती को मान देते हुए की। घोषणा का गुरु भक्तों एवं श्रद्धालुओं ने हर्ष हर्ष जय जय एवं वंदे वीरं वीरं वंदे वीरं के उदघोषों से स्वागत करते हुए प्रभु महावीर, मरुधर केसरी मिश्रीमल महाराज की जय जयकारों से गुंजायमान कर दिया।

महावीर के संदेशों का अलख जगा रहे हैं संतगण

संघ अध्यक्ष समाज सेवी ललित कुमार पगारिया ने बताया कि प्रवर्तक सुकन मुनि म.सा. एवं उप प्रवर्तक अमृत मुनि म.सा. अपना उदयपुर चातुर्मास संपन्न कर प्रदेश के गांव गांव, ढाणी ढाणी में पैदल विचरण कर भगवान महावीर व मरुधर केसरी जी के दिव्य संदेशो का अलख जगाते हुए अभी मारवाड़ में जिन वाणी का पावन डंका बजा रहे हैं। श्रमण संघ के प्रमुख संतो के पावन दर्शन आशीर्वचनों हेतु जैन धर्म के विभिन्न घटकों के राष्ट्रीय नेतागण एवं देश के सुदूर क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की आवाजाही सतत बनी हुई है।

15 जुलाई को होगा दिव्य मंगल प्रवेश

चार्तुमास समिति अध्यक्ष पदम चंद धोका एवं सोजत संघ मंत्री राजेश कोरी मुथा ने बताया कि युग प्रधान आचार्य रघुनाथ जी महाराज की जन्म स्थली पर आयोजित चातुर्मास हेतु प्रवर्तक सुकन मुनि महाराज व उप प्रवर्तक अमृत मुनि महाराज अपने सहयोगी संत युवा प्रणेता महेश मुनि, बालयोगी संत अखिलेश मुनि, संत डाॅ वरूण मुनि के साथ आगामी 15 जुलाई को भव्य मंगल प्रवेश करेंगे। गुरु भगवंतो के दिव्य मंगल प्रवेश पर देश भर से हजारों श्रद्धालु श्रावक श्राविकाएं मंगल प्रवेश के साक्षी बनेंगे।
इस मौके पर आयोजित समारोह में जैन धर्म के विभिन्न घटकों के राष्ट्रीय पदाघिकारी, राजनेता एवं प्रशासनिक अधिकारी भी शिरकत करेंगे।

चातुर्मास में होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम

चातुर्मास समिति महामंत्री महावीरचंद लुंकड़ ने बताया कि जैन संतों के दिव्य चातुर्मास को लेकर सोजत सहित संपूर्ण मारवाड़ क्षेत्र में खुशी एवं हर्ष का माहौल बना हुआ है। चातुर्मास को लेकर संघ ने व्यापक तैयारिया जोरों शोरों से शुरू कर दी है। संघ कार्यालय में चातुर्मास समिति अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारी के नेतृत्व में नियमित बैठक आयोजित कर कार्यक्रमों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। चातुर्मास की सफलता हेतु विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हे कार्यभार सौंपा गया है। वर्षावास के दौरान संत महापुरुषों की पावन निश्रा में अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आवास प्रवास की होगी समुचित व्यवस्था

श्रमण संघ के प्रमुख जैन संतों का कस्बे में वर्षावास के दौरान देश भर से आने वाले श्रद्धालु श्रावक श्राविकाओं एवं मेहमानों के आवास प्रवास हेतु श्री मरुधर केसरी जैन गुरु सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक भवनों एवं धर्मशालाओं को बुक कर समुचित सुव्यवस्था की जा रही है।

चार माह गूंजेंगी जिनवाणी

चातुर्मास समिति कोषध्यक्ष मंगल मुणोत ने बताया कि चातुर्मास के दौरान चार माह संतों के मुखारविंद से सोजत सिटी की पावन धरा पर संतगण जिन वाणी की पावन बरखा बरसाएंगे। प्रति दिन प्रवचन, धर्म एवं तत्व चर्चा के साथ नवकार महामंत्र के जाप होंगे। चार माह वर्षावास के दौरान प्रवचन स्थल श्री रघुनाथ जैन लाइबेरी रहेगा जहां संत गण जैन धर्म के विविध विषयों पर व्यापक बखान देंगे।

मारवाड़ क्षेत्र के प्रवासी गुरु भक्तों मे जोरदार उत्साह

श्रमण संघ के प्रमुख संतो के चातुर्मास की घोषणा का सम्पूर्ण मारवाड़ सहित चेन्नई, बैंगलोर व मुंबई में बसे प्रवासी श्रावक श्राविकाओं में जबरदस्त उत्साह उमंग बना हुआ है। चार माह के चातुर्मास में धर्म ध्यान की दिव्य पताका लहराने हेतु प्रवासी गुरु भक्त वर्षावास के दौरान अपनी माटी पर आने को आतुर है। चातुर्मास को लेकर कस्बे के जैन जैनेतर समुदाय में खासा उत्साह बना हुआ है।

वर्षावास में होंगे विशेष आयोजन

चातुर्मास व्यवस्था समिति के चेयरमैन भंवरलाल पगारिया ने बताया कि जैन धर्म के दिव्य चातुर्मास के चार माह के दौरान पूज्य गुरुदेव के पावन सानिध्य में अनेक विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। जिसमे धर्म ध्यान, जप जाप, तप त्याग एवम साधना आराधना के तहत गुरु भगवंतों की जन्म जयंती, पर्युषण पर्वाधिराज, संवत्सरी महापर्व, आयंबिल ओली, ध्यान शिविर, संस्कार शिविर, महिला शिविर, युवा एवम बाल संस्कार शिविर, धार्मिक अभिनय प्रतियोगी, खुली किताब प्रतियोगिता, विभिन्न परिधान प्रतियोगिता, संगीत गायन प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन, सर्व धर्म सम्मेलन, चर्चा संगोष्ठी के साथ आध्यात्मिक जीवन के ज्वलंत प्रश्नों के समाधान पर विविध कार्यक्रमो का आयोजन होगा।

चातुर्मास की सुव्यवस्था में जुटे कार्यकर्ता
बहुत लंबे अरसे बाद श्रमण संघ के प्रमुख संत मुनिराजों के चातुर्मास को लेकर संघ के सेवा समर्पित कार्यकर्ता पूरी तन्मयता, भक्ति भावों से जुटे हुए है। चार्तुमास व्यवस्था समिति के संरक्षक केवलचन्द धोका, चेयरमैन भंवरलाल पगारिया, अध्यक्ष पदम धोका, कार्याध्यक्ष चंद्र प्रकाश लोढ़ा, मुख्य मार्गदर्शक चैनराज अखावत, महामंत्री महावीर लुंकड़, संघठन मंत्री महावीर धोका, कोषाध्यक्ष मंगल मुनोत वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहनराज अखावत, उत्तमचंद रातडिया, नौरतमल गुंदेचा, राजेश कुमार तालेड़ा सहित अनेक कुशल कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में व्यापक तैयारियों में कार्यकर्ता पुरे समर्पण भाव एवं सेवा भावों के साथ लगे हुए हैं।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor