सोहनलाल वैष्णव. बोरुन्दा (जोधपुर)
सोमवार को कृषि विभाग की रैपिड रोविंग सर्वे टीम द्वारा जोधपुर (ग्रामीण) तिवरीं व फलोदी जिले में लोहावट सहित कृषि क्षेत्र की खरीफ फसल स्थिति का अवलोकन किया गया। सर्वे टीम में शामिल बंशीधर रैगर उप निदेशक कृषि (पौध व्याधि) आई.पी.एम. ए टी सी रामपुरा, राजेंद्र गढ़वाल कृषि अधिकारी (प्रशिक्षण), ने कई ग्रामों में कृषि क्षेत्र का निरीक्षण कर किसानों को उपयोगी जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान कपास के खेतों में सफ़ेद मक्खी व जेसिड का हल्का प्रकोप देखा गया। जिनके नियंत्रण हेतु कृषकों को नीम आधारित कीटनाशकों का 5 एम एल प्रति लीटर पानी की दर से तथा चिपकाने वाला पदार्थ यथा डिटर्जेंट मिलाकर छिड़़काव करने का सुझाव दिया गया। कपास की फसल में गुलाबी सुंडी का कोई प्रकोप नहीं देखा गया। मूंगफली की फसल में पीलेपन की समस्या को दूर करने के लिए 0.5% फेरस सल्फेट प्लस 0.1% साइट्रिक अम्ल घोल के छिड़़काव की सलाह दी गई। मूंगफली की फसल में कुछ जगहों पर सफेद लट का प्रकोप पाया गया जिसके लिए क्लोरोपायरीफास 20 ई सी की 4 लीटर मात्रा प्रति हैक्टर के हिसाब से भूमि में देने की सलाह दी गई। सर्वे के दौरान सहायक कृषि अधिकारी गोविन्द गोयल, कृषि पर्यवेक्षक पूजा प्रजापत, महिपाल गोदारा, ओमप्रकाश चौधरी व महेंद्र कुमार यादव भी उपस्थित रहे।









