Explore

Search

Thursday, April 16, 2026, 5:46 pm

Thursday, April 16, 2026, 5:46 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

अगस्त में बारिश के सितम, सितंबर का आगाज भी कम नहीं

डीके पुरोहित. शिव वर्मा. जोधपुर

अगस्त में जोधपुर शहर की नाक में दम करने वाली बारिश ने सितंबर के आगाज में भी अपने तेवर दिखा दिए हैं। बुधवार को सुबह से ही आसमान काली घटाओं से घिरा रहा और बारिश ने एक बार फिर शहर की सांसे अटका दी। बुधवार सुबह तेज बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। बारिश की खबरें कई समाचार पत्रों में आती रहती है। यहां कुछ फोटो और वीडियो से आज की बारिश से उत्पन्न हालातों पर एक नजर।

पुलिस चौकी सोजती गेट सदर बाजार थाना के हाल

पुलिस चौकी सोजती गेट सदर बाजार थाना के हाल बताने वाला यह वीडियो ही काफी है। पानी कमरों तक में घुस गया है। पुलिसकर्मी परेशान है। बारिश के कहर से घिरा यह कार्यालय अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। पुलिस विभाग के थानों और चौकियों के हाल जोधपुर में कैसे हैं, इस वीडियो से समझे जा सकते हैं।

खांडा फलसा चौक में रामदेवजी के मंदिर की चबूतरी तक पहुंचा बहाव

खांडा फलसा चौक में बारिश से दरिया बहने लगा। मंदिर की चबूतरी तक बहाव आ पहुंचा। बारिश में भीतरी शहर में ऐसे ही हालात हो जाते हैं। ऐसे में लोगों के लिए बारिश आफत मिला सुकून लेकर आती है।

अमृता देवी चौराहा बासनी और भगत की कोठी पुलिस थाना वाली सड़क

अमृता देवी चौराहा बासनी क्षेत्र का वीडियो बता रहा है कि यहां बारिश में अब कैसे हालात हो जाते हैं। इस क्षेत्र में कुछ समय पहले एक समाचार पत्र कार्यालय वाली सड़क बनाई गई थी जो इस सीजन की बारिश में उखड़ चुकी है। यही नहीं यहां पर आए दिन कार्यालय के सामने सड़क खाेदी जा रही है और गड्‌ढे यूं ही खुले पड़े हैं। आस-पास कहां गड़्ढे हो जाते हैं कर्मचारियों को भी पता नहीं चलता। यहां कार्यालय में काम करने वाले 100 से ज्यादा कर्मचारियों और आसपास के मोहल्लों के हजारों लोगों की जान खतरे में है। कोई कुछ कर नहीं रहा। बारिश में जब सड़क पर पानी भर जाता है तो पता ही नहीं चलता कि कहां कहां गड्ढे हैं भगवान न करे कोई मर गया तो नगर निगम 10-20 लाख रुपए का मुआवजा देकर किस्सा खत्म कर देगा और अखबार भी आंसू बहाता रहेगा। दुनिया की समस्या उठाने वाला अखबार अपने ही इलाके को लेकर चुप है। इसे कहते हैं दीपक तले अंधेरा। अखबार के सामने कुछ दिनों पहले एक पेड़ भी गिर चुका है। बिजली के खंभों पर बारिश में स्पॉर्किंग होती रहती है। अखबार की बिल्डिंग भी जर्जर है।

मथुरादास माथुर अस्पताल की अंतहीन समस्या

मथुरादास माथुर अस्पताल के गेट नंबर एक का यह फोटो बताने के लिए काफी है कि संभाग के सबसे बड़े अस्पताल में बारिश में क्या हालात हो जाते हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी जी वजह से इसकी समस्या अंतहीन होती जा रही है।

राजस्थान मौसम अपडेट 4 सितंबर

जयपुर। मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र आज कमजोर होकर साइक्लोनिक सर्कुलेशन में परिवर्तित हो चुका है तथा वर्तमान में द.प. राजस्थान क्षेत्र के ऊपर अवस्थित है। एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में आगामी 24 घंटे में बनने की संभावना है।

आज जोधपुर, उदयपुर, कोटा व अजमेर संभाग में कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश होने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मध्यम व कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावनाहै। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मानसून सक्रिय रहने तथा कहीं-कहीं भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 3-4 दिन मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश व जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना आगामी 3 दिन जारी रहने की संभावना है।

 

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor