Explore

Search

Wednesday, April 29, 2026, 3:24 pm

Wednesday, April 29, 2026, 3:24 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

जयपुर में एनएसजी के विशेष कमांडो प्रशिक्षण का भव्य समापन

राजस्थान पुलिस की सुरक्षा ढाल हुई और मजबूत, ​अत्याधुनिक युद्ध कौशल और टैक्टिकल ड्राइविंग में दक्ष हुए 110 जांबाज; अब जोधपुर में शुरू होगा स्नाइपर और एंटी-ड्रोन मिशन

केडी इसरानी. स्वतंत्र पत्रकार. जयपुर

इन्टेलीजेंस प्रशिक्षण अकादमी जयपुर में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड द्वारा आयोजित केपेसिटी बिल्डिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत टैक्टिकल ड्राइविंग, पीएसओ एवं यूएसी कोर्स का समापन समारोह शनिवार 31 जनवरी को आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानिरीक्षक पुलिस सुरक्षा विष्णुकांत ने की।

समारोह में अकादमी के निदेशक प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक एटीएस राजकुमार, एनएसजी कोर्स को-ऑर्डिनेटर भूपेन्द्र थापा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईटीए संजय कुमार शर्मा, जितेन्द्र कुमार, उप अधीक्षक पुलिस राजुलाल, अकादमी के अधिकारी-कर्मचारी एवं तीनों कोर्सों के प्रतिभागी उपस्थित रहे।

एनएसजी के कोर्स प्रभारी भूपेन्द्र थापा ने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्घाटन 13 जनवरी को महानिदेशक एनएसजी के विशिष्ट आतिथ्य तथा महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किया गया था। प्रशिक्षण 16 जनवरी से 31 जनवरी तक संचालित किए गए।

इन कोर्सों में राजस्थान पुलिस की विभिन्न इकाइयों पुलिस, ईआरटी टीम, एसएसबी एवं एटीएस के कार्मिकों ने भाग लिया। टैक्टिकल ड्राइविंग कोर्स में 25 कार्मिक, पीएसओ कोर्स में 46 और यूएसी कोर्स में 39; इस प्रकार कुल 110 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
तीन श्रेणियों में मिला कड़ा प्रशिक्षण

एनएसजी के 15 सदस्यीय प्रशिक्षक दल द्वारा पीएसओ कोर्स में पीएसओ ड्रिल, कास्केड, डबल टेप फायर, इवाकुएशन ड्रिल, मेडिकल कंटिंजेंसी, हेलीपैड एवं सभा स्थल डिप्लॉयमेंट, फेंडरिंग आदि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। यूएसी कोर्स में मार्शल आर्ट, सेल्फ डिफेन्स, अनुशासन, संयम तथा खाली हाथ आक्रमण एवं रक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं टैक्टिकल ड्राइविंग कोर्स में वीआईपी कारकेड मूवमेंट, स्टेयरिंग कंट्रोल, वाहन हैंडलिंग एवं टैक्टिकल ड्राइविंग कौशल पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

जयपुर-जोधपुर में होगा अगला चरण: स्नाइपर और एंटी-ड्रोन पर रहेगा फोकस

अकादमी के निदेशक प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि इस क्रम में 02 फरवरी से बीडीएस कोर्स का आयोजन भी आईटीए, जयपुर में किया जाएगा। इसके अलावा केपेसिटी बिल्डिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय चरण में स्नाइपर, एंटी-ड्रोन एवं एंटी-होस्टेज/काउंटर टेररिस्ट प्रशिक्षण 07 फरवरी से सरदार वल्लभभाई पटेल पुलिस कमांडो ट्रेनिंग स्कूल, जोधपुर में आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य अतिथि आईजी विष्णुकांत ने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त प्रशिक्षण का लाभ अपने-अपने पदस्थापन स्थानों पर अन्य कार्मिकों को भी प्रदान करें तथा वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को दृष्टिगत रखते हुए सतर्कता के साथ कर्तव्य निर्वहन करें।
सम्पूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार, उप अधीक्षक पुलिस राजुलाल एवं कोर्स प्रभारी पुलिस निरीक्षक लक्ष्मी कराडिया, नीरज शर्मा, भारती ठाकुर, हीरालाल शर्मा, मनोज शर्मा, नन्दकिशोर एवं सरदार सिंह की विशेष भूमिका रही। अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा अकादमी के निदेशक प्रदीप मोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि का हरित अभिवादन कर एनएसजी अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor