Explore

Search

Thursday, April 30, 2026, 5:00 am

Thursday, April 30, 2026, 5:00 am

LATEST NEWS
Lifestyle

अभिनव पहल : प्रोजेक्ट समर्थ…युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बढ़ते कदम

महावीर इंटरनेशनल एपेक्स और SNS फाउंडेशन का ऐतिहासिक कौशल विकास अभियान, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा बन सकते हैं आत्मनिर्भर

राखी पुरोहित. जोधपुर 

महावीर इंटरनेशनल एसोसिएशन, जयपुर के महावीर इंटरनेशनल एपेक्स द्वारा “सेवा के 50 गौरवशाली वर्ष” के उपलक्ष्य में युवाओं के कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। 10 जनवरी 2026 (शनिवार) को “प्रोजेक्ट समर्थ” का भव्य शुभारंभ किया गया था। यह कार्यक्रम महावीर इंटरनेशनल एपेक्स और SNS फाउंडेशन, गुड़गांव के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है।

इस परियोजना के तहत तीन माह की अवधि वाले विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग, टेलीकॉलिंग और टू-व्हीलर रिपेयरिंग (ऑटोमोबाइल) जैसे रोजगारपरक कोर्स शामिल हैं। कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य युवाओं में कौशल विकास के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

परियोजना के लिए पात्रता आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसमें युवक और युवतियां दोनों आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण स्थल SNS फाउंडेशन केंद्र, गुड़गांव में निर्धारित किया गया है। शुल्क संरचना की बात करें तो स्थानीय डे-स्कॉलर छात्राओं के लिए यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है। वहीं स्थानीय डे-स्कॉलर छात्रों के लिए प्रति कोर्स 1,770 रुपये शुल्क निर्धारित है, जिसे महावीर इंटरनेशनल केंद्र द्वारा वहन किया जाएगा। बाहरी अभ्यर्थियों के लिए तीन माह की अवधि हेतु कुल 4,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें छात्रावास, आवास, भोजन और प्रशिक्षण शामिल है। हालांकि, बाहरी अभ्यर्थियों को अपने निवास स्थान से गुड़गांव प्रशिक्षण केंद्र तक आने-जाने का खर्च स्वयं वहन करना होगा। विशेष परिस्थितियों में एपेक्स द्वारा निर्धारित शर्तों के अंतर्गत आंशिक सहयोग भी प्रदान किया जा सकता है।

महावीर इंटरनेशनल के पदाधिकारियों ने सभी केंद्र अध्यक्षों, सचिवों और जोन पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद युवाओं की पहचान कर उन्हें इस योजना से जोड़ें, ताकि अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें। अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सीए अनिल जैन, अंतरराष्ट्रीय सेक्रेटरी जनरल वीर सोहन लाल वैद्य, अंतरराष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीर सुधीर जैन, अंतरराष्ट्रीय निदेशक (ईटी एंड पीडी) वीर सुनील गंग तथा को-डायरेक्टर वीर सुशील जैन सहित कई पदाधिकारी “प्रोजेक्ट समर्थ” को सफल बनाने में लगे हुए हैं। युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है, जो सेवा और समाज कल्याण की भावना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor