Explore

Search

Tuesday, September 8, 2026, 3:57 pm

Tuesday, September 8, 2026, 3:57 pm

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

मसूरिया बाबा रामदेव मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन मुस्तैद, कलेक्टर ने किया मेला परिसर का दौरा

सुनील वर्मा. जोधपुर

जोधपुर | शहर के मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर में आगामी मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। व्यवस्थाओं को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए सोमवार को जिला मेला प्राधिकरण के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक से पूर्व, जोधपुर जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने पूरे मेला परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मसूरिया स्थित मंदिर परिसर में ही जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस विस्तृत बैठक में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से जिला कलेक्टर आलोक रंजन, एडीएम (सिटी) ओम प्रकाश सहारण, डीसीपी (वेस्ट) श्रीमती कमल शेखावत, एडिशनल डीसीपी (ट्रैफिक) श्रीमती शालिनी राज, एडिशनल डीसीपी (वेस्ट) प्रवीण कुमार सैन, एसीपी (प्रतापनगर) नतिशा जाखड़, एसीपी (वेस्ट) रतन सिंह और एसएचओ (देवनगर) कमल किशोर सुथार शामिल हुए। इनके अलावा नागरिक सुविधाओं की कमान संभालने वाले जोधपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जलदाय विभाग, चिकित्सा विभाग और विद्युत विभाग के प्रतिनिधि भी इस बैठक का हिस्सा बने।

मेले के दौरान मंदिर और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए श्री पीपा क्षत्रिय समस्त न्याति सभा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र चौहान के साथ-साथ ट्रस्ट के सचिव नरेंद्र गोयल एवं अन्य सदस्य भी बैठक में प्रमुखता से मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी और प्रवक्ता रंजन दईया ने बताया कि आगामी मेले में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और ट्रस्ट पूरी तरह से मिलकर काम कर रहे हैं।

जिला कलेक्टर के नेतृत्व में पूरे मेला परिसर का सघन दौरा किया गया है। भक्तों के लिए सुगम यातायात, निर्बाध बिजली-पानी, त्वरित चिकित्सा सुविधाएं और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को रूपरेखा सौंप दी गई है, ताकि मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor