100 से अधिक मेहमानों वाले कार्यक्रमों में चार रंग के डस्टबिन रखना अनिवार्य, पुलिस की एनओसी भी लेनी होगी; नियमों की अनदेखी पर लगेगा जुर्माना
जोधपुर। शादी-विवाह, समारोह और बड़े सार्वजनिक आयोजनों में कचरे के उचित निस्तारण को लेकर नगर निगम ने नए नियम लागू किए हैं। अब 100 या इससे अधिक मेहमानों वाले आयोजनों में आयोजकों को चार अलग-अलग रंग के डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। साथ ही कार्यक्रम की जानकारी आयोजन से कम से कम तीन दिन पहले संबंधित पोर्टल पर देनी होगी। नियम पंजीकृत मैरिज गार्डन, होटल, गैर-पंजीकृत आयोजन स्थलों, सामुदायिक भवनों, टेंट लगाकर होने वाले निजी कार्यक्रमों सहित सभी आयोजनों पर लागू होंगे।
चार रंग के डस्टबिन में करना होगा कचरे का वर्गीकरण
- हरा डस्टबिन: बचा हुआ भोजन, सब्जियों-फलों के छिलके और जैविक कचरा।
- नीला डस्टबिन: कागज, गत्ता, डिस्पोजेबल प्लेट-गिलास और अन्य सूखा कचरा।
- पीला/लाल डस्टबिन: सैनिटरी नैपकिन, प्लास्टिक बोतलें और गैर-पुनर्चक्रण योग्य कचरा।
- काला डस्टबिन: सैनिटरी वेस्ट, टूटा कांच, बैटरी और अन्य घरेलू हानिकारक कचरा।
पुलिस की एनओसी भी अनिवार्य
आयोजन से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वीकृति के लिए आवेदन करना होगा। पुलिस की एनओसी लेना भी अनिवार्य होगा और उसे पोर्टल पर अपलोड करना होगा। आयोजन की जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पोर्टल https://swmp.cpcb.gov.in पर ऑनलाइन साझा करनी होगी।
अनदेखी पर लगेगा जुर्माना
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन के अनुसार नियमों की अनदेखी करने वाले आयोजकों की पहचान कर मौके पर ही जुर्माना लगाया जाएगा। बड़े आयोजनों के बाद सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति रोकना इस व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य है।