सीबीएसई ने बदला पाठ्यक्रम, तीसरी से छठी तक मशीन लर्निंग की पढ़ाई शुरू; शिक्षकों के प्रशिक्षण पर जोर, कक्षा 9 और 10 में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को कौशल विषय के रूप में शामिल किया
जोधपुर। स्कूलों में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने नए पाठ्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग से जोड़ने की पहल की है। अब तीसरी से छठी कक्षा तक के विद्यार्थियों को भी तकनीक आधारित शिक्षा दी जा रही है। वहीं कक्षा 9 और 10 में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग तथा एआई को कौशल विषय के रूप में शुरू किया गया है।
नई व्यवस्था में शिक्षकों की भूमिका भी चुनौतीपूर्ण होगी। इसके लिए सीबीएसई ने शिक्षक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया है। कक्षा 3 से 5 तक कम्प्यूटेशनल थिंकिंग को गणित और हमारे आसपास की दुनिया जैसे विषयों के साथ जोड़ा गया है। इसके लिए प्रतिवर्ष 50 पीरियड निर्धारित किए गए हैं। कक्षा 6 से 8 तक कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और एआई की बुनियादी अवधारणाएं अंतरविषयक तरीके से पढ़ाई जाएंगी।
बोर्ड ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अलग-अलग हैंडबुक उपलब्ध कराई हैं। पाठ्यक्रम में एआई के नैतिक मूल्यों, डेटा आधारित निर्णय और तकनीक के जिम्मेदार इस्तेमाल को भी शामिल किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के इस नई शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करना शिक्षकों के लिए बड़ी चुनौती होगा।
