हजारों पुरुष व महिलाओं ने किए चामुंडा माता के दर्शन
शिव वर्मा. जोधपुर
मेहरानगढ़ दुर्ग में चामुण्डा माताजी के मंदिर में सोमवार को आसोजी नवरात्रा स्थापना के अवसर पर चामुंडा माता मंदिर में हजारों महिलाओं एवं पुरुषों ने दर्शन किए । पूर्व नरेश गज सिंह व महारानी हेमलता राजे ने चामुंडा माता मंदिर में दर्शन व पूजा अर्चना की एवं मारवाड़ की खुशहाली की प्रार्थना की ।
मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासक कर्नल अजय सिंह शेखावत ने बताया कि सतवर्ती पाठ का संकल्प और थापना का मुहूर्त सुबह 12.05 से 12.53 बजे के बीच था। पूर्व नरेश गजसिंह व महारानी हेमलता राजे ने चामुंडा माता मंदिर में दर्शन किए और आरती की एवं मारवाड़ की खुशहाली के लिए प्रार्थना की । मंदिर में पंडित ललित त्रिवेदी ने पूजा अर्चना करवाई । पूजा के समय मंदिर में पंडित अश्विनी दवे ,अश्वनी त्रिवेदी, घनश्याम त्रिवेदी ,राज जोशी, सुरेश व्यास व भगवान सिंह राजपुरोहित उपस्थित थे।
इन्होंने की अगवानी
इस अवसर पर इस अवसर पर मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासक कर्नल अजय सिंह शेखावत, महाराजा उम्मेद सिंह रिलिजियस ट्रस्ट के सचिव कल्याण सिंह राठौड़, वरिष्ठ प्रबंधक ( वित्त) अरुण कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ प्रबंधक (इंजीनियरिंग ) शैलेश माथुर, निदेशक आईसीआई लैब सुनील लगाटे, वरिष्ठ प्रबंधक (सुरक्षा ) किशनवीर सिंह राठौड़, सहायक निदेशक महाराजा मानसिंह पुस्तक प्रकाश शोध केंद्र डॉ. महेंद्र सिंह तंवर, मैनेजर ( संस्कृति ) गर्मांशु बोहरा, मैनेजर ( एचआर ) ओमप्रकाश गेपाला व सहायक प्रबंधक (मेहरानगढ़ शॉप ) चैन सिंह ने पूर्व महाराजा गज सिंह व महारानी हेमलता राजे की अगवानी की। । मंदिर परिसर में शहनाई वादक उमर व रमजान ने चामुंडा माता की आस्था में शहनाई वादन किया ।
प्रातः 7:00 से शाम 5:00 बजे तक चामुंडा माता के दर्शन की व्यवस्था
मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासक कर्नल अजय सिंह शेखावत ने बताया कि प्रातः 7:00 से शाम 5:00 तक दर्शनार्थियों के लिए दर्शन की व्यवस्था है । प्रातः 7:00 जयपोल व फतेहपोल के द्वार दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए । जयपोल के बाहर से ही एक पंक्ति में दर्शनों की व्यवस्था की गई जो मंदिर तक रहेगी तथा डी. एफ.एम.डी. गेट से ही जयपोल व फतेहपोल से दर्शनार्थियों को प्रवेश दिया जायेगा। पट्टे पर महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों के लिये आने-जाने की व्यवस्था की गई है। वह वहीं से जायेगे और वहीं से आयेगे। इसी प्रकार पुरुषों एवं युवाओं के लिये सलीम कोट से होते हुए बसन्त सागर से आने-जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि नवरात्रा स्थापना के दिन हजारों महिलाओं व पुरुषों ने चामुंडा माता मंदिर में आराम से दर्शन किए ।
नवरात्रा में दुर्गा पाठ
महाराजा उम्मेद सिंह जी रिलिजियस ट्रस्ट के सचिव कल्याण सिंह राठौड़ ने बताया कि चामुण्डा मंदिर के बसंत सागर के पास नौ वेदपाठी ब्राह्मण स्थापना से 30 सितंबर तक दुर्गापाठ का वाचन करेंगे । नवरात्रा के अंतिम दिन से पूर्व होमाष्टमी की रात हवन प्रारंभ किया जायेगा जिसकी पूर्ण आहुति 1 अक्टूबर नवमी को प्रातः 11.15 से 11 . 50 बजे के बीच में पूर्व महाराजा गजसिंह एवं महारानी हेमलता राजे द्वारा की जायेगी व महाराजा गज सिंह की तिलक आरती प्रातः 11. 51 से 12 .01 तक व नवमी को प्रातः 12.05 से 12.15 के बीच थापना जी के उत्थापना का मुहूर्त होगा।
महिला व पुरुषों के प्रसाद चढ़ाने की अलग -अलग व्यवस्था
उन्होंने बताया कि दर्शन करने आने वाली महिलाओं के लिए नारियल बड़ा करने की व्यवस्था पट्ठे पर की गई है और पुरुषों के लिए बसंत सागर के पास की गई है I
पॉलीथिन में प्रसाद लाना मना
नवरात्रा के दौरान पॉलीथिन में प्रसाद लाना मना है। साथ ही दर्शनार्थियों से निवेदन रहेगा कि वह कैरी बैग ( हैंगिंग बैंग व थेले) इत्यादि अपने साथ नहीं लावे।
शराब पीकर आना व साथ लाने पर प्रवेश नहीं
उन्होंने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार नवरात्रा के दौरान दर्शनार्थियों को शराब साथ लाने व शराब पीकर आने पर प्रवेश नहीं मिलेगा ।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे व कंट्रोल रूम
मेहरानगढ़ दुर्ग में नवरात्रा के दौरान जयपोल से चामुंडा माताजी मंदिर परिसर तक अलग-अलग स्थानो पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जो विभिन्न स्थानों पर दर्शनार्थियों की सुविधा और व्यवस्थाओं पर कड़ी नजर रखे हुए है। इसके साथ ही कंट्रोल रूम की भी स्थापना की गई है जहां से महिला और पुरुष दर्शनार्थियों को दर्शन के निर्देश पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की हुई है । वरिष्ठ प्रबंधक (सुरक्षा )किशनवीर सिंह राठौड़ के निर्देशन में उप प्रबंधक ( सुरक्षा) सादुल सिंह शेखावत, एएसओ प्रथम प्रभु सिंह शेखावत, एएसओ द्वितीय लक्ष्मण सिंह राठौड़, कनिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मदन सिंह सुरक्षा व्यवस्था को संभाले हुए हैं ।
पीने के पानी की सुविधा
दर्शनार्थियों के लिए पीने के पानी की प्याऊ की व्यवस्था जयपोल के बाहर डेढ कंगूरा पोल के पास, महिलाओं के लिए पट्ठे पर, पुरुषों के लिए सलीम कोट मैदान पर की गई है। उन्होंने बताया कि बिजली की व्यवस्था सभी स्थानों पर सुनिश्चित कर दी गई है तथा जनरेटर की भी व्यवस्था रहेगी जो पूरे 24 घंटे रहेगा और बिजली कर्मियों की नियुक्ति भी निर्देश अनुसार कर दी गई है । मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के सुरक्षाकर्मी भी स्थान स्थान पर अपनी ड्यूटी दे रहे तथा प्रशासन व पुलिस के कर्मचारियों के साथ सहयोग कर रहे है।
एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की व्यवस्था
उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जा रही है जो जयपोल के बाहर तैनात है l मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट की एंबुलेंस ऊपर पट्ठे पर तैनात है । चिकित्सा विभाग व मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट की तरफ से डॉक्टर व कंपाउंडर नवरात्रा के दौरान सभी आवश्यक उपकरण एवं मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था के साथ उपस्थित है। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर लिफ्ट सुविधा भी उपलब्ध है।






