Explore

Search

Friday, May 1, 2026, 6:52 am

Friday, May 1, 2026, 6:52 am

LATEST NEWS
Lifestyle

‘पिच-ए-थॉन’ के जरिए कॉलेज विद्यार्थियों ने किया नवाचार युक्त आइडियाज़ की पिचिंग

पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव 2026

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर 

शहर के रामलीला मैदान में आयोजित पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव 2026 के अंतर्गत इस वर्ष कॉलेज विद्यार्थियों में उद्यमशीलता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘पिच-ए-थॉन’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 15 से अधिक कॉलेजों की टीमों ने भाग लेते हुए अपने नवाचार आधारित आइडियाज़ और बिजनेस वेंचर्स की प्रभावशाली पिचिंग की।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और व्यावसायिक दृष्टिकोण के साथ अपने स्टार्टअप आइडियाज़ और मॉडल्स प्रस्तुत किए। इस मंच के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला, बल्कि उद्योग जगत की हस्तियों से स्टार्टअप एवं व्यवसाय की व्यावहारिक समझ भी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम के स्वागत भाषण में लघु उद्योग भारती के प्रदेश महासचिव सुधीर गर्ग ने कहा कि स्टार्टअप और युवा देश की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं की नींव सही दिशा में अभी से मजबूत की जाए, तो देश की प्रगति और समृद्धि स्वतः सुनिश्चित हो जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य मेला समन्वयक महावीर चोपड़ा ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव हर वर्ष नवाचार को बढ़ावा देने का मंच रहा है और इस वर्ष पिच-ए-थॉन के माध्यम से युवाओं को अपने विचारों को व्यावसायिक रूप देने का अवसर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि आने वाला समय नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति का है। लघु उद्योग भारती के प्रांत उपाध्यक्ष हरीश लोहिया ने कहा कि युवाओं में जिस तरह से समस्याओं को पहचानकर समाधान प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित हो रही है, वह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत संकेत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की सोच को बल मिलता है।

कार्यक्रम समन्वयक एवं स्किलोनशन किड्स के संस्थापक राघव शर्मा ने प्रॉब्लम सॉल्विंग सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को समस्या-समाधान, नवाचार और स्टार्टअप सोच से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर गतिविधि आधारित मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने युवाओं को सरकार द्वारा स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध सहयोग और अवसरों की भी जानकारी दी। लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी पंकज भंडारी, एच. के. गर्ग एवं सुरेश मुथा ने अतिथियों का स्वागत किया गया।

लघु उद्योग भारती के प्रांत महामंत्री सुरेश कुमार विश्नोई ने बताया कि शार्क टैंक की तर्ज पर आयोजित इस पिच-ए-थॉन प्रतियोगिता में निवेशकों द्वारा लाइव पिचिंग के माध्यम से चयनित टीमों को इन्वेस्टमेंट ग्रांट प्रदान की गई। निर्णायक मंडल में माइक्रोलेंट सिस्टम्स के संस्थापक श्री जतिन धूत, मैक्स AIX के संस्थापक श्री भरत परियाणी तथा TiE जोधपुर के अध्यक्ष एवं दिर्घा कैपिटल के संस्थापक सीए दीपेश धरिवाल शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रस्तुति, नवाचार, व्यवहारिकता और बिजनेस मॉडल के आधार पर टीमों का मूल्यांकन किया गया।निर्णायकों के निर्णय के पश्चात चयनित तीन टीमों को क्रमशः ₹11,000, ₹7,000 एवं ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

प्रतियोगिता में एमबीएम यूनिवर्सिटी, जीत यूनिवर्स, दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी व अन्य कॉलेजों के विद्यार्थियों ने स्मार्ट सॉल्यूशंस, एग्री-इननोवेशन, सस्टेनेबल प्रोडक्ट्स, एलएम एस , टेक-आधारित सेवाओं, वेस्ट मैनेजमेंट सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपने आइडियाज़ प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता और उद्यमशील क्षमता का परिचय दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में चिराग, केशव, श्रेया, अंशुल, राज, हैरी, दिव्यांश एवं आदित्य सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor