Explore

Search

Wednesday, April 29, 2026, 7:19 am

Wednesday, April 29, 2026, 7:19 am

LATEST NEWS
Lifestyle

संकट कटै, मिटै सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा…बालाजी की कृपा से सीजफायर, विश्व युद्ध का संकट टला 

मारवाड़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजीव गौड़ ने बताया कि दुनिया पर मंडरा रहे विश्व युद्ध के संकट से निजात दिलाने के लिए क्लब की ओर से महा सुंदरकांड पाठ का आयोजन हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर किया गया था, इसका सकारात्मक असर देखने को मिला और सीजफायर, विश्व शांति की दिशा में बड़ा संकेत सामने आया है…।

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

9783414079 diliprakhai@gmail.com

पश्चिमी राजस्थान के प्रतिष्ठित पत्रकार संगठन मारवाड़ प्रेस क्लब द्वारा अध्यक्ष राजीव गौड़ की देखरेख में विश्व शांति की कामना के साथ आयोजित महा सुंदरकांड पाठ का सकारात्मक प्रभाव मात्र एक सप्ताह के भीतर देखने को मिला है। प्रश्न कुंडली विशेषज्ञ पंडित एसके जोशी के सान्निध्य औऱ सुंदरकांड गायक झंकार शर्मा द्वारा पूरी टीम के साथ चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर गीता भवन, जोधपुर में संपन्न हुए इस सुंदरकांड धार्मिक आयोजन को लेकर अब यह माना जा रहा है कि इसके आध्यात्मिक प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।

मारवाड़ प्रेस क्लब के सचिव चंद्र शेखर व्यास औऱ कोषाध्यक्ष मनोज गिरी ने बताया कि ईरान, इजरायल एवं अमेरिका के बीच चल रहा तनावपूर्ण युद्ध, जो तृतीय विश्व युद्ध की आशंकाओं को जन्म दे रहा था, अब विराम की स्थिति में पहुंच गया है। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम को मारवाड़ प्रेस क्लब द्वारा आयोजित महा सुंदरकांड पाठ से जोड़कर देखा जा रहा है। क्लब के अध्यक्ष राजीव गौड़ का मानना है कि इस विशेष आयोजन के कारण ही यह युद्ध विराम संभव हो पाया है।

बजरंगबली सम नाहिं जग में कोई बलबुद्धिवीरा…हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर सुंदरकांड पाठ में छाए रामदूत के चर्चे – Rising Bhaskar

बजरंगबली सम नाहिं जग में कोई बलबुद्धिवीरा…हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर सुंदरकांड पाठ में छाए रामदूत के चर्चे

मारवाड़ प्रेस क्लब द्वारा किए गए इस महा सुंदरकांड पाठ का उद्देश्य संपूर्ण विश्व में शांति स्थापित करना था, और मात्र सात दिनों में इसके परिणाम सामने आना एक अद्भुत संयोग माना जा रहा है। आयोजन में शामिल संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने भी इसे दिव्य प्रभाव का प्रमाण बताया है।

उन्होने बताया कि,महामंडलेश्वर सोमेश्वर गिरी महाराज, साध्वी प्रीति प्रियंवदा, संत मदन दास महाराज, पुलिस कमिश्नर शरत कविराज, पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, राजस्थान संस्कृत अकादमी की पूर्व अध्यक्ष डॉ. जया दवे, पूर्व हाईकोर्ट न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास, विधायक देवेंद्र जोशी, बीजेपी अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, श्री गीता प्रचार मंडल के अध्यक्ष प्रहलाद गोयल और सचिव राजेश लोढा इस पुनीत कार्यक्रम के गवाह बने थे और पूर्ण आरती में विश्व शांति के लिए प्रार्थना की थी। मारवाड़ प्रेस क्लब के सचिव चंद्र शेखर व्यास ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि इस आयोजन के माध्यम से की गई प्रार्थनाओं और सामूहिक श्रद्धा के कारण ही अंतरराष्ट्रीय तनाव में कमी आई है और युद्ध विराम संभव हुआ है। यह आयोजन विश्व शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक पहल साबित हुआ है। मारवाड़ प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष मनोज गिरी ने इस आयोजन में पधारने वाले सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों तथा जो लोग उपस्थित नहीं हो सके लेकिन बाहर से समर्थन और शुभकामनाएं भेजीं, उन सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने ने आशा जताई है कि यह शांति की स्थिति आगे भी बनी रहेगी और संपूर्ण विश्व में सौहार्द एवं भाईचारा स्थापित होगा।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor