Explore

Search

Friday, October 2, 2026, 12:36 pm

Friday, October 2, 2026, 12:36 pm

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

भारत समन्वय धाम में गुरु पूर्णिमा पर गुरु चरणपादुका पूजन 29 जुलाई को

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर 

भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा के अनुरूप एवं सनातन आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण हेतु कमला नेहरू नगर स्थित भारत समन्वय धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर ब्रह्मलीन पूज्य स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज, संस्थापक भारतमाता मंदिर, हरिद्वार के पावन श्रीविग्रह का पूजन एवं गुरु चरणपादुका पूजन महोत्सव संपन्न होगा।

समन्वय परिवार जोधपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री रघुनाथ सांखला ने बताया कि इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में गुरु भक्त एकत्रित होकर अपने सद्गुरुदेव के प्रति श्रद्धा, भक्ति एवं कृतज्ञता अर्पित करेंगे तथा गुरु-शिष्य परंपरा के दिव्य आदर्शों का स्मरण करेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:15 बजे परिसर स्थित भगवान मनकामेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक से होगा। इसके उपरांत प्रातः 10:30 बजे से सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12:00 बजे वेदव्यास पूजन, गुरु चरणपादुका पूजन एवं आरती संपन्न होगी। इस अवसर पर श्रद्धालु भक्तगण गुरु चरणपादुकाओं का व्यक्तिगत रूप से पूजन एवं वंदन कर गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

समन्वय परिवार ने सभी श्रद्धालु गुरु भक्तों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से इस पावन आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ एवं गुरु कृपा प्राप्त करने का विनम्र आग्रह किया है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor