तिवरी/जोधपुर/भोपाल: मेहनत, हौसले और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर सफलता हासिल करने वाले पैरा तैराक भागीरथ राम ने राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। जोधपुर जिले के तिवरी क्षेत्र स्थित भुकरों की ढाणी निवासी श्री खेराज राम के पुत्र भागीरथ राम ने भोपाल में 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी चैंपियनशिप में S-13 कैटेगरी के 100 मीटर बैकस्ट्रोक जैसे कठिन इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) अपने नाम किया।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर के विभिन्न राज्यों से नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के दिग्गज पैरा तैराकों ने हिस्सा लिया था।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मिली इस सफलता से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भोपाल में आयोजित इस प्रतियोगिता के दौरान टीम मैनेजर संजय आचार्य भी भागीरथ के साथ साए की तरह मौजूद रहे और उनका पूरा मार्गदर्शन एवं सहयोग किया।
इसके अलावा, कोच शेराराम का भी इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने निरंतर प्रशिक्षण देकर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। वहीं नेत्रहीन विकास संस्थान की अध्यक्ष सुशीला बोहरा ने भागीरथ राम को हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राजस्थान पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव हिम्मत सिंह गुर्जर ने भागीरथ राम को बधाई देते हुए कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। भागीरथ राम की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं और विशेष खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

