जोधपुर। जेईई-एडवांस्ड में तीन बार परीक्षा देने का मौका मिलने की उम्मीद लगाए बैठे विद्यार्थियों को झटका लगा है। आईआईटी दिल्ली ने परीक्षा की तारीख और पात्रता संबंधी नियम जारी कर दिए हैं। इसके अनुसार विद्यार्थियों को लगातार दो वर्षों में केवल दो बार ही जेईई-एडवांस्ड परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। परीक्षा 23 मई 2027 को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) मोड में दो शिफ्ट में आयोजित होगी।
परीक्षा में वही विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने 2026 में 12वीं पास की है या 2027 में 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं। इसके अलावा जेईई-मेन के बीई/बीटेक पेपर-1 की मेरिट सूची के शीर्ष 2.5 लाख सफल अभ्यर्थियों में शामिल होना अनिवार्य है।
आयु सीमा के तहत सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों का जन्म 1 अक्टूबर 2002 या उसके बाद होना चाहिए। एससी, एसटी और दिव्यांग विद्यार्थियों को पांच वर्ष की छूट मिलेगी। इनके लिए जन्मतिथि 1 अक्टूबर 1997 या उसके बाद निर्धारित है। आईआईटी में पहले प्रवेश ले चुके विद्यार्थी जेईई-एडवांस्ड 2027 के पात्र नहीं होंगे।
