बदलते मौसम में रोजाना 150 से अधिक मरीज पहुंच रहे अस्पताल, सांस फूलने और ऑक्सीजन सेचुरेशन गिरने की शिकायतें
जोधपुर। बदलते मौसम के साथ शहर में सर्दी, खांसी, बुखार और श्वसन संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। एमडीएम, एमजीएच सहित विभिन्न अस्पतालों में प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज सर्दी, खांसी और जुकाम की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें कई मरीज तेज बुखार के साथ सांस फूलने और ऑक्सीजन सेचुरेशन कम होने की समस्या से भी जूझ रहे हैं।
एमडीएम अस्पताल में प्रतिदिन 15 से 20 मरीज भर्ती हो रहे हैं। इनमें कई मरीजों के दोनों फेफड़ों में निमोनिया की पुष्टि हुई है। चिकित्सकों के अनुसार संक्रमण की शुरुआत नाक से होती है। इसके बाद यह गले तक पहुंचता है और धीरे-धीरे फेफड़ों को प्रभावित कर सकता है। गंभीर स्थिति में दोनों फेफड़ों तक निमोनिया फैलने का खतरा रहता है।
डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ. नवीन किशोरिया ने बताया कि डायबिटीज और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। ऐसे मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
वहीं, फिजिशियन डॉ. पुनीत नाग ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण सर्दी-खांसी के मरीज बढ़ रहे हैं। दो से तीन दिन तक लगातार बुखार रहने, सांस लेने में परेशानी या तबीयत बिगड़ने पर लापरवाही नहीं करें और तुरंत नजदीकी अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें।
चिकित्सकों ने बदलते मौसम में सावधानी बरतने और लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी है।