Explore

Search

Saturday, November 14, 2026, 9:31 am

Saturday, November 14, 2026, 9:31 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

डायबिटीज बना साइलेंट खतरा, राजस्थान में हर 6 में से एक व्यक्ति प्री-डायबिटिक

देश में 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित, 13.6 करोड़ प्री-डायबिटीज की गिरफ्त में; जोधपुर में आनुवांशिकता भी बीमारी का बड़ा कारण, अब 40 की उम्र में सामने आ रहे टाइप-2 के मामले

जोधपुर। डायबिटीज अब केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं रह गई है। बदलती जीवनशैली, खानपान की गलत आदतों, शारीरिक गतिविधियों में कमी, मोटापा और तनाव के कारण युवा भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि बड़ी संख्या में लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में पहुंच चुके हैं, लेकिन उन्हें इसका पता तक नहीं है। यही वजह है कि डायबिटीज को साइलेंट खतरा माना जा रहा है।

आईसीएमआर-इंडियाब के अध्ययन के अनुसार देश में करीब 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की श्रेणी में हैं। देश में डायबिटीज की व्यापकता 11.4 प्रतिशत है। राजस्थान में यह आंकड़ा 8.5 प्रतिशत है, जबकि प्रदेश में प्री-डायबिटीज की व्यापकता 15.1 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसका मतलब है कि प्रदेश में हर छह-सात में से करीब एक व्यक्ति प्री-डायबिटीज की स्थिति में है।

जोधपुर में आनुवांशिकता भी बड़ा कारण

जोधपुर में डायबिटीज के बढ़ते मामलों के पीछे आनुवांशिकता भी महत्वपूर्ण कारण है। परिवार में किसी सदस्य को डायबिटीज होने पर अन्य सदस्यों में भी इसका खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार पहले टाइप-2 डायबिटीज के मामले सामान्यतया 60 वर्ष की उम्र के बाद सामने आते थे, लेकिन अब 40 वर्ष की उम्र में ही इसके मरीज मिलने लगे हैं। युवाओं में बढ़ता मोटापा, शारीरिक श्रम में कमी और अनियमित दिनचर्या इस खतरे को बढ़ा रही है।

जीवनशैली में बदलाव से घट सकता है खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार असंतुलित खानपान, मोटापा, शारीरिक गतिविधियों की कमी और अनियमित दिनचर्या डायबिटीज के प्रमुख जोखिम कारक हैं। नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन, वजन पर नियंत्रण और सक्रिय दिनचर्या अपनाकर टाइप-2 डायबिटीज के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। परिवार में पहले से डायबिटीज का इतिहास होने पर नियमित जांच कराना भी जरूरी है।

लक्षणों का इंतजार करना पड़ सकता है भारी

बार-बार प्यास लगना, पेशाब अधिक आना, भूख बढ़ना, बिना वजह वजन कम होना और लगातार थकान डायबिटीज के संकेत हो सकते हैं। हालांकि शुरुआती अवस्था में कई लोगों को कोई स्पष्ट लक्षण महसूस नहीं होते। ऐसे में बीमारी का पता देर से चलता है और तब तक शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर असर पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए केवल लक्षण दिखाई देने का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए। समय पर पहचान, चिकित्सकीय सलाह और जीवनशैली में सुधार से डायबिटीज को नियंत्रित रखने के साथ गंभीर जटिलताओं से भी बचा जा सकता है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor