फाइबरयुक्त भोजन और नियमित व्यायाम से बचाव संभव, आयुर्वेद में क्षारसूत्र चिकित्सा भी प्रभावी विकल्प
जोधपुर। विश्व पाइल्स दिवस 20 नवंबर को मनाया जाता है। लंबे समय तक कब्ज, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी बवासीर (अर्श) की प्रमुख वजह बन सकती है। मल त्याग के दौरान रक्तस्राव, दर्द, खुजली और जलन इसके प्रमुख लक्षण हैं। समय पर जांच और उपचार से इस परेशानी को बढ़ने से रोका जा सकता है।
शल्य तंत्र विभाग के सह-आचार्य एवं सर्जरी आयुर्वेद चिकित्सालय के चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ. विष्णु दत्त शर्मा के अनुसार कब्ज, मल त्याग के दौरान जोर लगाना, फाइबर की कमी, मोटापा और लंबे समय तक बैठे रहना बवासीर के प्रमुख कारण हैं। गुदा से रक्तस्राव होने पर इसे बवासीर मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि इसके अन्य कारण भी हो सकते हैं।
बचाव के लिए हरी सब्जियां, मौसमी फल, दलिया, ओट्स और साबुत अनाज खाएं। पर्याप्त पानी पीएं तथा नियमित व्यायाम करें। आयुर्वेद में अर्श के उपचार के लिए औषध, क्षारकर्म, अग्निकर्म और क्षारसूत्र चिकित्सा उपलब्ध हैं। डॉ. गोविंद सहाय शुक्ल के अनुसार मरीज की जांच और स्थिति के आधार पर उचित उपचार किया जाता है।
