गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को एक ही परिसर में मिलेंगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं, शुरुआत मौजूदा स्टाफ से होगी, भविष्य में 200 अतिरिक्त नर्सिंगकर्मियों की जरूरत
जोधपुर। उम्मेद अस्पताल के पास करीब 30 करोड़ रुपए की लागत से उम्मेद पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैटरनिटी एंड नियोनेटोलॉजी बनकर तैयार हो गया है। इसका लोकार्पण इसी माह चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर करेंगे। करीब 26 हजार वर्गफीट में बने इस संस्थान में बेसमेंट, ग्राउंड और प्रथम मंजिल है। यहां गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल बीएस जोधा के अनुसार यहां हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, जटिल प्रसव, गर्भावस्था में हाई बीपी और डायबिटीज से पीड़ित महिलाओं का उपचार होगा। समय से पहले जन्मे, कम वजन वाले और गंभीर बीमार नवजातों के लिए भी विशेष व्यवस्था रहेगी। मातृ एवं नवजात आईसीयू, वेंटिलेटर और विशेषज्ञ उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
संस्थान में पीजी चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध को भी बढ़ावा मिलेगा। शुरुआत मौजूदा स्टाफ से होगी, लेकिन बेहतर संचालन के लिए भविष्य में करीब 200 अतिरिक्त नर्सिंगकर्मियों की आवश्यकता होगी।
