Explore

Search

Thursday, November 19, 2026, 12:13 am

Thursday, November 19, 2026, 12:13 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

दीपावली स्नेह मिलन : वरिष्ठ नागरिकों ने साझा किए सुझाव

बेटी एक मुस्कान संस्था के दीपावली स्नेह मिलन समारोह में संस्था के उद्देश्यों की सराहना कर सहयोग का दिया आश्वासन

राखी पुरोहित. जोधपुर

बेटी एक मुस्कान संस्था, जोधपुर की ओर से दीपावली के पावन अवसर पर गीता भवन परिसर में दीपावली स्नेह मिलन एवं वरिष्ठ नागरिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों सहित शहर के अनेक वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खुले मंच पर वरिष्ठजनों ने अपने जीवन के अनुभव, विचार एवं सुझाव साझा किए तथा बालिकाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं उज्ज्वल भविष्य के उद्देश्य से कार्यरत संस्था के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में राजेश लोढ़ा सचिव गीता प्रचार मंडल, श्रीमती निरूपा पटवा फाउंडर ऑफिसर जॉइंट रॉयल लेडीज, रमजान अली सचिव कौमी एकता कमेटी एवं नगर निगम पार्षद जयदीप मालवीय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन करते हुए संस्था की ओर से पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी प्रहलाद राम गोयल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया तथा संस्था के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बेटियों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके सुनहरे भविष्य के सपनों को साकार करने के लिए संस्था समाज के सभी वर्गों के सहयोग एवं मार्गदर्शन से शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करेगी। इस अवसर पर राजेश भाटिया, अशोक चितारा, श्रीमती विनती जांगिड़, श्रीमती स्नेहलता जांगिड़, नंदकिशोर व्यास, गोपाल सिंह राठौड़ एवं सदाकतुल्ला खां ने सम्मानित अतिथियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।

संस्था की आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए श्री राजेश भाटिया ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं कौशल विकास के लिए हरसंभव गतिविधियों का संचालन करना है। इसके लिए सरकारी विभागों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं तथा अन्य सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के विचारों को महत्व देते हुए पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी।

उन्होंने बताया कि संस्था की गतिविधियों, वित्तीय लेन-देन एवं अन्य कार्यकलापों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन तैयार की जा रही है। इसके माध्यम से प्रत्येक सदस्य संस्था की गतिविधियों एवं वित्तीय विवरणों की जानकारी प्राप्त कर सकेगा। साथ ही पिछली बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप एक सरकारी बालिका विद्यालय को गोद लेने के प्रस्ताव पर भी कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए संबंधित सरकारी विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

खुले मंच पर हुए संवाद में श्रीमती निरूपा पटवा ने अपने सामाजिक कार्यों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक बेटी होने के नाते वे इस संस्था के उद्देश्यों से भावनात्मक रूप से जुड़ाव महसूस करती हैं और संस्था को हरसंभव सहयोग देने का प्रयास करेंगी। श्री रमजान अली ने संस्था के उद्देश्यों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नगर निगम पार्षद श्री जयदीप मालवीय ने भी संस्था की गतिविधियों से जुड़कर सहयोगात्मक रूप से कार्य करने की इच्छा व्यक्त की।

श्रीमती तेज कंवर ने ब्लड डोनेशन एवं अन्य चिकित्सा संबंधी सहयोग उपलब्ध करवाने के लिए अपने विचार रखे और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग का विश्वास दिलाया। श्री अशफाक अहमद फौजदार ने बेटियों के महत्व पर कविता पाठ कर संस्था की टीम का उत्साहवर्धन किया।

संवाद में श्री काजी तैयब अंसारी, एडवोकेट बाबूलाल वैष्णव, श्री राजेश भैरवनी, श्री सदाकत उल्ला खान, श्री बी.एन. व्यास, श्री सोहन मेड़तिया, श्री मांगीलाल रावत, पूर्व पार्षद श्री चंद्रप्रकाश असेरी, श्रीमती शशि मेहता (लायंस क्लब), श्री गोपीकृष्ण सोनी एवं श्रीमती रक्षिता बाफना सहित अनेक गणमान्यजनों ने भाग लेकर संस्था की आगामी कार्ययोजना के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं में अशोक चितारा एवं गीता भवन के अमराराम टाक का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गीता प्रचार मंडल के सचिव राजेश लोढ़ा ने बेटी एक मुस्कान संस्था की इस पहल की सराहना की तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में संस्था को अपनी ओर से पूर्ण सहयोग देने का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम का समापन आपसी स्नेह, सामाजिक समरसता एवं बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor