पंकज जांगिड़. जोधपुर
ब्रह्मलीन साध्वी प्रेमगिरी महाराज का 12वां बरसी महोत्सव कार्तिक बदी प्रतिपदा मंगलवार को रातानाडा, पुरानी लोको, शक्ति काॅलोनी स्थित प्रेमगिरी महाराज आश्रम में आश्रम की साध्वी ऊषागिरी महाराज के सानिध्य और सभी संप्रदाय के संत समागम के साथ अनेक श्रद्धालुओं की मेजबानी में श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम संयोजक नगराज सोनी ने बताया कि इस अवसर पर सुबह प्रेमगिरी महाराज की प्रतिमा का माल्यार्पण व पुष्प वर्षा के साथ विधि-विधान से पूजन हुआ। दोपहर में सत्संग के दौरान महंत राजेंद्र दास, महंत सत्यराम दास, साध्वी लीला बाई सहित अनेक संतों, कलाकारों व महिला मंडल ने संतवाणी प्रस्तुत कर सभी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। आरती के पश्चात संत प्रसादी का आयोजन हुआ।
