राइजिंग भास्कर. जोधपुर
गज शुश्रुषा ट्रस्ट द्वारा दीपावली समरसता स्नेह मिलन कार्यक्रम बुधवार को बड़ी भील बस्ती में आयोजित किया जाएगा। ट्रस्ट आठ केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र सुराणा ने बताया कि वंचित एवं शोषित बच्चों के बीच खुशियां बांटने और उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से यह आयोजन प्रातः 9:30 बजे से किया जाएगा।
जागरूकता और मनोरंजन के संगम इस स्नेह मिलन कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उपस्थित समुदाय के लिए विभिन्न प्रकार के प्रेरणादायक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य आकर्षण नशा मुक्ति पर संवाद युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए विशेष चर्चा होगी। दांव पर भविष्य एक सामाजिक नाटक, जो बच्चों और उनके अभिभावकों को सही राह चुनने के लिए प्रेरित करेगा। स्त्री सुरक्षा हेतु जागरूकता महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने पर बल दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी जो उत्सव के माहौल को जीवंत बनाएंगी ।




