जब महिला नेतृत्व संभालती है, तब उद्योग केवल व्यापार नहीं, समाज परिवर्तन का माध्यम बन जाता है— उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी
महिला नेतृत्व, आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था और राइजिंग राजस्थान का सशक्त मंच
दिलीप कुमार पुरोहित. शिव वर्मा. जोधपुर
जिला प्रशासन, लघु उद्योग भारती, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र तथा उद्यम प्रोत्साहन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव–2026 के अंतर्गत रविवार को प्रदेश स्तरीय महिला उद्यमी सम्मेलन का गरिमामय आयोजन किया गया। सम्मेलन की मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री, राजस्थान दीया कुमारी रहीं। उन्होंने सम्मेलन को महिला नेतृत्व, स्वावलंबन और औद्योगिक सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक कदम बताते हुए कहा कि “जब उद्यमिता की कमान महिलाओं के हाथ में होती है, तब अर्थव्यवस्था के साथ–साथ समाज भी सशक्त होता है।”
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जोधपुर की गौरवशाली धरती पर आयोजित इस सम्मेलन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के निर्माण में लघु, कुटीर एवं हस्तशिल्प उद्योगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पर्यावरण–संरक्षण, स्वदेशी को बढ़ावा और स्थानीय कलाकारों–व्यापारियों को मंच देने वाले ऐसे आयोजनों से टिकाऊ औद्योगिक वातावरण विकसित होता है।
उन्होंने महिला उद्यमियों को वित्तीय संस्थाओं से जोड़कर ऋण उपलब्ध कराने, उत्पादों के विपणन, हस्तशिल्प प्रदर्शनियों, संसाधन उपलब्धता, प्रशिक्षण, नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “महिलाओं की भागीदारी—सफलता की गारंटी है।”
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना में महिला नेतृत्व निर्णायक है। “राजस्थान केवल भौगोलिक प्रदेश नहीं, बल्कि विचार, संस्कृति और उद्यमशीलता की परंपरा है,” जहाँ हर जिले–गाँव का कोई न कोई उत्पाद महिलाओं के परिश्रम और सपनों से जुड़ा है। उन्होंने रेखांकित किया कि आज की नारी सहायक नहीं, बल्कि नेतृत्वकारी भूमिका में खड़ी है—जो परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसर सृजित करती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, पीएम विश्वकर्मा योजना और स्वयं सहायता समूह जैसी पहलों ने महिलाओं को आर्थिक प्रगति की मुख्यधारा में लाया है। वहीं राजस्थान में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में नीति–स्थिरता, प्रशासनिक पारदर्शिता और उद्योग–अनुकूल वातावरण तेज़ी से विकसित हो रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि “Rising Rajasthan केवल नारा नहीं—यह निवेश, नवाचार और महिला नेतृत्व के लिए तैयार राज्य का संदेश है।”
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं को सरल ऋण सुविधा, कौशल विकास, प्रशिक्षण, सुरक्षा–स्वास्थ्य, डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना और उनके उत्पादों को Local to Global पहुँच दिलाना है। उन्होंने महिला उद्यमियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप कमजोर नहीं, संभावनाओं से भरी हैं। आपका आत्मविश्वास राजस्थान की पहचान और आपका परिश्रम भारत की शक्ति है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाला समय महिला उद्यमिता का स्वर्ण युग होगा और राजस्थान पर्यटन–संस्कृति के साथ–साथ उद्योग और महिला नेतृत्व में भी देश का अग्रणी राज्य बनेगा।
इस अवसर पर सूरसागर विधायक श्री देवेंद्र जोशी सहित अंजु बजाज, अंजू सिंह, संयुक्त निदेशक (जिला उद्योग केन्द्र) पूजा मेहरा सुराणा, प्रियंवदा, रूमादेवी तथा एसीपी छवि शर्मा उपस्थित रहीं। सम्मेलन में महिला उद्यमियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और विचार–विमर्श ने आयोजन को प्रेरक बनाया।
कौशल विकास प्रशिक्षण के प्रशिक्षणार्थियों को दिए गए प्रमाण पत्र एवं सिलाई मशीन
– उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं की आत्मनिर्भर बनने का किया आव्हान
– लघु उद्योग भारती की ओर से संचालित हो रहा है कौशल विकास केंद्र
भगवान पंवार. राखी पुरोहित. जोधपुर
पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव के तहत रविवार को राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम द्वारा प्रायोजित तथा लघु उद्योग भारती, जोधपुर प्रांत के तत्वावधान में संचालित कौशल विकास केंद्र के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। प्रदेश की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चौपड़ा का ने प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई मशीन वितरित की।
जोधपुर प्रांत महासचिव सुरेश कुमार विश्नोई ने बताया कि कौशल विकास केंद्र में महिलाओं को स्वावलंबी बनाने तथा उन्हें देश की अर्थव्यवस्था में सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती कौशल विकास केंद्र का संचालन कर रही है जहां विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की टीम, डिजिटल क्लासरूम, ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म, वाई-फाई, इंटरनेट एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, साथ ही स्थानीय उद्योगों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रभावी प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में चयनित प्रशिक्षणार्थियों—आरती, अनु, बबीता, जयश्री, कोमल, लक्ष्मी, मीना, मोनिका, राधिका, रेशमा, रुचि, सारिका, सुमन, सुरभि, योगिता एवं नंदनी—को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं, जबकि लगभग 130 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर केंद्र प्रबंधक पूजा शर्मा, प्रशिक्षक पूजा कुमारी एवं मेघा भाटी सहित लघु उद्योग भारती के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
शौर्य की धुनों में सजा हस्तशिल्प उत्सव का समापन समारोह, देशभक्ति और शास्त्रीय नृत्य ने बांधा समां
भगवान पंवार. जोधपुर
शहर के रामलीला मैदान (रावण चबूतरा) में आयोजित हुए पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव का समापन रविवार की शाम देशभक्ति, सांस्कृतिक गरिमा और कलात्मक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। बीएसएफ के शौर्य बैंड की ओजपूर्ण देशभक्तिपूर्ण धुनों और गीतों ने पूरे परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया, वहीं शिवम नाट्य लय की बालिकाओं की भरतनाट्यम प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया
समारोह के दौरान लघु उद्योग भारती के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, उत्सव मुख्य संयोजक महावीर चोपड़ा, लघु उद्योग भारती प्रांत महामंत्री सुरेश कुमार विश्नोई, दीपक माथुर, हरीश लोहिया, सांस्कृतिक प्रभारी राकेश श्रीवास्तव, अभिनव परिहार और अंकुर अग्रवाल ने बीएसएफ शौर्य बैंड के कलाकारों पर गुलाब पुष्प बरसाकर उनका सम्मान किया।
बीएसएफ के गुरमेल सिंह, राजेंद्र सिंह सहित बैंड कलाकारों ने “वंदे मातरम्” से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद “हम जिएंगे, मरेंगे तेरे लिए”, “संदेशे आते हैं, संदेशे जाते हैं” जैसे गीतों ने श्रोताओं में देशप्रेम और गर्व की भावना भर दी। हर धुन के साथ दर्शकों का उत्साह और तालियों की गूंज वातावरण को रोमांचक बना रही थी।
शिवम नाट्य लय की ओर से गणेश वंदना के साथ सूफी गीतों पर आधारित भरतनाट्यम, ब्रेथ गीत, भोर शंभू, प्राणवलय एवं तिल्लाना जैसी शास्त्रीय प्रस्तुतियां दी गईं। गुरु मंजूषा के निर्देशन में छात्राओं ने लय, भाव और मुद्राओं के माध्यम से शास्त्रीय नृत्य की उत्कृष्ट छटा बिखेरी। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद सिंघल ने किया। देशभक्ति और संस्कृति के इस सुंदर समागम के साथ पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव का समापन हुआ ।














