Explore

Search

Friday, April 10, 2026, 1:48 pm

Friday, April 10, 2026, 1:48 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

खाटूश्यामजी मेले में ‘सेल्फी प्रतियोगिता’ का अनूठा आयोजन

राजस्थान पुलिस का नवाचार : एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने श्रद्धालुओं से की सहभागिता की अपील

केडी इसरानी. जयपुर

विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खाटू श्याम मंदिर में आयोजित हो रहे भव्य फागुन मेले के दौरान इस बार एक अनूठी पहल की गई है। राजस्थान पुलिस और सीकर पुलिस द्वारा ‘श्री खाटूश्यामजी मेला सेल्फी प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया है, जिसमें श्रद्धालु पुलिस की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और सहयोग के साथ अन्य सुंदर पलों को कैमरे में कैद कर साझा कर सकेंगे।

सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार मेले में पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला सहायता, चिकित्सा समन्वय एवं श्रद्धालुओं के नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रद्धालु को मेले में पुलिस की बेहतर व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात किसी पुलिसकर्मी द्वारा किसी भी श्रद्धालु को की गई मदद या पुलिस—प्रशासन के इंतजामों से मिली राहत—सुविधा से संबंधित कोई भी क्षण दिखाई दे, तो वह उस पल की सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकता है।

100 बेस्ट सेल्फी को मिलेगा पुरस्कार :

एसपी नूनावत ने बताया कि प्रतिभागियों को अपनी सेल्फी के साथ @policerajasthan को टैग करते हुए #SafeWithPolice और #KhatuMelaPolice हैशटैग लगाना होगा। प्राप्त प्रविष्टियों में से चुनी गई 100 श्रेष्ठ सेल्फी को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को खाटू श्याम बाबा की आकर्षक तस्वीर, प्रसाद तथा राजस्थान पुलिस की ओर से प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। जिले से बाहर के विजेताओं को डाक से पुरस्कार व प्रशंसा पत्र भेजे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग और सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करना है। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। यह प्रतियोगिता उसी साझेदारी का प्रतीक है। खाटूश्यामजी मेले में इस नवाचार से जहां श्रद्धालुओं को सहभागिता का अवसर मिलेगा, वहीं पुलिस और आमजन के बीच विश्वास की डोर और मजबूत होगी।

उन्होंने मेले से संबंधित प्रमाणिक जानकारी के लिए श्रद्धालुओं से आधिकारिक पुलिस पेज को फॉलो करने की अपील भी की है और कहा है कि किसी भी प्रकार की सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9667600788 एवं पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor