Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 3:25 pm

Thursday, July 9, 2026, 3:25 pm

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

हजारों श्याम भक्तों ने 500 श्याम बाबा का किया सामूहिक पूजन, श्याममय हुई सूर्यनगरी

हिंदू नव वर्ष पर देखने को मिला श्याम भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम, बारिश में भीगते हुए 500 श्याम भक्तों ने क़ी श्याम बाबा की प्राण प्रतिष्ठा, शास्त्री मोहित भाई दाधीच और विद्वान पंडितों की टीम ने मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से की प्राण प्रतिष्ठा

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर 
9783414079 diliprakhai@gmail.com
सूर्यनगरी जोधपुर में नवरात्र के प्रथम दिन भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्याम भक्ति सेवा संस्थान द्वारा अध्यक्ष मोनिका प्रजापत की देखरेख में गीता भवन में एक भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया। बारिश के बावजूद हजारों श्याम भक्त भीगते हुए पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्याम भक्ति में लीन नजर आए। इस अवसर पर सैकड़ों मूर्तियों की एक साथ प्राण प्रतिष्ठा कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया गया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत और श्याम भक्ति सेवा संस्थान के कार्यवाहक सचिव हेमंत लालवानी ने बताया कि, संस्थान द्वारा इससे पहले 100 मंदिरों में 100 श्याम बाबा की मूर्तियां स्थापित की जा चुकी हैं, वहीं इस बार 500 भक्तों को प्राण प्रतिष्ठा के साथ 500 मूर्तियां प्रदान की गईं। श्याम भक्त नाचते गाते श्याम बाबा को अपने घर पर ले गये और अपने अपने घरों में स्थापित किया।
कार्यक्रम में विनीत माथुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एमएल गर्ग और घनश्याम सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। संत सोमेश्वर गिरी महाराज, अचलानंद गिरी महाराज और मदन दास महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस समारोह में बीएसएफ के जॉज बैंड ने श्याम भक्ति के मधुर तराने प्रस्तुत किए। श्री गीता प्रचार मंडल के अध्यक्ष प्रहलाद गोयल और सचिव राजेश लोढा की मौजूदगी में आयोजित इस ऐतिहासिक और अपनी तरह के पहले आयोजन में शास्त्री मोहित भाई दाधीच और उनकी टीम ने विधि विधान से मंत्र उच्चारण के साथ संगीतमय भजनों के साथ संपन्न करवाया। अंत में भक्तगण नाचते-गाते श्याम बाबा की मूर्तियों को अपने घरों के लिए विदा करते नजर आए, और पूरा शहर श्याममय रंग में रंगा दिखाई दिया।
मुख्य अतिथि न्यायाधीश विनीत माथुर ने अपने संबोधन में समाज में धार्मिक एकता और सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। सीमा सुरक्षा बल के महा निरीक्षक एमएल गर्ग और एनसीबी जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए नव वर्ष के अवसर पर श्याम बाबा की भक्ति को समर्पित इतने बड़े आयोजन की सराहना की और श्याम भक्ति पर प्रकाश डाला जबकि सोनी ने नशा मुक्ति विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्याम भक्तों को किसी प्रकार का नशा नहीं करना चाहिए और यदि उनके जानकारी में कोई नशीले पदार्थों से जुड़ा गैरकानूनी काम करता है तो नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सूचित जरूर करना चाहिए। महामंडलेश्वर सोमेश्वर गिरी महाराज ने जहां श्याम भक्ति के प्रभाव और भक्ति के बारे में खुलकर जानकारी दी तो वही रामस्नेही संत मदनदास महाराज ने श्याम बाबा की भक्ति के अपने जीवन के अनुभव साझा किया। इस अवसर पर समाज के भामाशाहों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। श्याम भक्ति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए कई विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ईश्वर सिंह उदावत, संपत जांगिड़, जीवन जाखड़, पुखराज जांगिड़, कन्हैया लाल सबनानी, रमेश खंडेलवाल, सुमेर सिंह चुंडावत, मोहित हेड़ा, अनुपमा एवं मोनिका सांखला तथा शंकर जी मूर्तिकार सहित महेंद्र गहलोत को सम्मान प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। साथ ही बीएसएफ बैंड के जवानों एवं पूजन में शामिल पंडितों का भी अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। कार्यक्रम में संस्थान की अध्यक्ष मोनिका प्रजापत, आयोजन समिति अध्यक्ष ईश्वर सिंह उदावत, बीएसएफ महानिरीक्षक एम.एल. गर्ग, एनसीबी जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी सहित संतों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए। अंत में पूजन कमेटी के अध्यक्ष पंडित एसके जोशी द्वारा आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन में भक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे “हर घर श्याम” का संदेश जन जन तक पहुंचा।
Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor