सर्दी की शुरुआत को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और आरोग्य मंदिरों की OPD के समय में किया बदलाव, शिक्षक संगठनों की मांग पर स्कूलों का समय भी बदलेगा
जोधपुर। सर्दी की शुरुआत को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने शहर और जिले के अस्पतालों तथा शहरी आरोग्य मंदिरों में ओपीडी के समय में बदलाव किया है। नई व्यवस्था 1 अक्टूबर से लागू हो गई है। वहीं, शिक्षक संगठनों की मांग को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव 16 अक्टूबर से किया जाएगा।
अस्पतालों में सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक OPD
शहर और जिले के अस्पतालों में अब OPD का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। इससे पहले अस्पतालों में OPD सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित हो रही थी। अवकाश के दिनों में OPD का समय सुबह 9 से 11 बजे तक रहेगा।
यह व्यवस्था चिकित्सा विभाग के अस्पतालों के साथ डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों, जिला अस्पतालों और सैटेलाइट अस्पतालों में लागू होगी।
आरोग्य मंदिरों में भी बदला समय
शहरी आरोग्य मंदिरों में OPD का समय भी बदला गया है। अब यहां सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम को 4 बजे से 6 बजे तक OPD संचालित होगी। पहले सुबह की OPD सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक और शाम की OPD शाम 5 से 7 बजे तक चलती थी। अवकाश के दिनों में आरोग्य मंदिरों में OPD सुबह 9 से 11 बजे तक संचालित होगी।
16 अक्टूबर से स्कूलों का समय बदलेगा
इधर, शिक्षक संगठनों की ओर से सर्दी को देखते हुए स्कूलों का समय बदलने की मांग की जा रही थी। इसके बाद अब 16 अक्टूबर से स्कूलों के समय में बदलाव किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत एक पारी वाले स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। दो पारी वाले स्कूलों में पहली पारी सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 12:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होगी। अभी एक पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दो पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित हो रहे हैं।