Explore

Search

Sunday, October 25, 2026, 6:52 pm

Sunday, October 25, 2026, 6:52 pm

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

सैनिक कल्याण विभाग द्वारा सशस्त्र सेना झण्डा दिवस उत्साहपूर्वक आयोजित

शिव वर्मा. जोधपुर 

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, जोधपुर के निर्देशानुसार सशस्त्र सेना झण्डा दिवस सैनिक कल्याण विभाग, जोधपुर के तत्वाधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रविवार को महाराजा हनवन्त सैनिक स्कूल, चोपासनी में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्ररक्षा हेतु अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सेना के प्रति सम्मान एवं कर्तव्य भावना को सुदृढ़ किया गया।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल दलीप सिंह खंगारोत ने बताया कि प्रतिवर्ष 07 दिसम्बर को संपूर्ण भारत में सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जाता है। यह दिवस उन वीर रणबांकुरों की स्मृति और सम्मान में समर्पित है जिन्होंने देश की रक्षा, एकता और अखण्डता के लिए विभिन्न युद्धों में सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिवस समाज को राष्ट्रनायकों के प्रति अपने दायित्व के निर्वहन का संदेश देता है।

क्यूआर कोड के माध्यम से धनराशि संग्रह — झण्डा स्टिकर लगाकर किया प्रेरित

कार्यक्रम के दौरान सैनिक कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों द्वारा स्कूल के कर्मचारियों, सदस्यों एवं सैनिक स्कूल के कैडेट्स को झण्डा स्टिकर्स लगाकर सहयोग हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से धनराशि एकत्रित की गई, जिससे शहीदों के आश्रितों और पूर्व सैनिकों के कल्याण कार्यों में उपयोग किया जाएगा।

सैनिक स्कूल के कर्मचारीगण, सदस्यों, सैनिक कल्याण विभाग के कार्मिकों व कैडेट्स द्वारा रैली निकालकर आमजन को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर योगदान देने एवं राष्ट्ररक्षा हेतु बलिदान देने वाले जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी कैप्टन रूमा पीटर, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी प्रकाश टाक, सहायक प्रशासनिक अधिकारी अरशद अयुब द्वारा सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त कॉर्डिनेटर सैनिक स्कूल रीनी हाडा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी किरण, सुबेदार मेजर हनुमान सिंह शेखावत, सुबेदार मेजर सुरेन्द्र सिंह उदावत, कनिष्ठ सहायक पप्पूराम सहित सैनिक स्कूल के कैडेट्स उपस्थित रहे।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor