पंकज जांगिड़. जोधपुर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पार्श्वनाथ बस्ती की ओर से आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन पाल मेला मैदान में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में हज़ारों की संख्या में धर्मप्रेमी माताओं-बहनों एवं भाइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. रामनिवास चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के साथ संतों द्वारा भगवान श्रीराम के दिव्य चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए संत कृपाराम महाराज ने परिवार, संस्कार, कुटुंब भावना एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि धर्म और अच्छे कार्यों की शुरुआत घर से होनी चाहिए तथा समाज को एकजुट, नेक और संगठित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक हार्दिक ने संघ की कार्यपद्धति, उद्देश्य एवं पंच परिवर्तन विषय पर प्रकाश डालते हुए ओजस्वी उद्बोधन दिया। उनके वक्तव्य से उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना का संचार हुआ। सम्मेलन के दौरान सनातन समाज की बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं देश भक्ति की औजस्वी कविताएँ प्रस्तुत की गई । सत्संग प्रमुख भजन गायक अनिल देवड़ा द्वारा प्रस्तुत सनातन संस्कृति से ओतप्रोत रचनाओं ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण बना रहा।
आयोजन में गंगाजल से निर्मित पवित्र भोजन-प्रसादी की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में संत ज्ञानस्वरूपानंद महाराज, साध्वी डॉ. ज्योति, आयोजन समिति के सहसंयोजक प्रमोद चौधरी, सोनाराम देवासी, देवाराम मेघवाल, राणीदान सिंह राठौड़, लक्ष्मण सुथार, रूपाराम भील का अभिनन्दन किया गया । कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न कॉलोनियों द्वारा ढोल नगाड़ों व बेंड बाजों के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा रही, जिसमें हजारों माताओं-बहनों ने मंगल कलश धारण कर व पुरुष वर्ग ने केसरिया दुपट्टा पहन कर सहभागिता निभाई।
बस्ती पालक गोपाल गोदारा ने समिति का स्वागत किया व बस्ती प्रमुख हरदेव देवासी ने संतों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।



