दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
चांदपोल तापड़िया बेरा के पास स्थित अनिश्चितकालीन अखंड रामायण पाठ स्थल बाबा प्रकाशपुरी आश्रम में आश्रम के संत रुकमणपुरी महाराज के 67वें जन्मदिन के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत बुधवार को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए गायों को चारा, पक्षियों को चुग्गा तथा संतों एवं जरूरतमंदों को भोजन करवाया गया। इसके साथ ही अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें त्र्यंबकेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक, बाबा प्रकाशपुरी के चरण पादुका पूजन तथा सायंकालीन 51 ज्योति से महाआरती की गई। तत्पश्चात महिला मंडली द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
आज 10 सितंबर को आश्रम के भक्तों द्वारा रुद्री पाठ, पौराणिक स्तुतियों का सस्वर पाठ तथा सायंकालीन महाआरती के पश्चात नवागत श्रद्धालुओं के लिए भव्य प्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आश्रम में स्थित राम दरबार की भव्य आंगी रचना कर विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा पूरे आश्रम परिसर को रंगीन रोशनी, दीपमालिका एवं फूल मंडली से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा।


