जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविषय और कॅरिअर को नई दिशा देने के उद्देश्य से हुआ आयोजन
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और कॅरियर को नई दिशा देने के उद्देश्य से जोधपुर जिला प्रशासन द्वारा एक अभूतपूर्व पहल के अंतर्गत जोधपुर संभाग के समस्त राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एक विशाल इंटरैक्टिव करियर काउंसलिंग मेगा-सेशन गत दिनों आयोजित किया गया।
जिला कलेक्टर आलोक रंजन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जिला परिषद आशीष मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व में यह पूरा कार्यक्रम अत्याधुनिक लाइव टेलीकास्ट मोड (सीधा प्रसारण) के माध्यम से संचालित किया गया। इस ऐतिहासिक प्रसारण यूट्यूब चैनल ज्ञान सेतु जोधपुर पर किया गया, जिसमें जिले भर के लगभग 60,000 छात्र-छात्राएं सीधे जुड़े, जिनमें से 40,000 से अधिक विद्यार्थियों को उनके पारंपरिक पाठ्य पुस्तकीय पाठ्यक्रम से परे, व्यावहारिक एवं भविष्य-उन्मुख ज्ञान प्राप्त हुआ।
इस वृहद करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विषय-विशेषज्ञों द्वारा दो अत्यंत महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र (कॉरपोरेट जगत एवं कंपनी सेक्रेटरी) का हुआ। यह सत्र इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश बंसल, वरिष्ठ कंपनी सचिव द्वारा लिया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को कॉरपोरेट वर्ल्ड की कार्यप्रणाली से परिचित कराया और ‘कंपनी सेक्रेटरी’ (CS) के क्षेत्र में उपलब्ध बेहतरीन कॅरियर विकल्पों, उच्च पदों और व्यावसायिक अवसरों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन किया। मुकेश बंसल, सेबी स्मार्ट ट्रेनर ने वितीय जगत की बारीकियों एवं निवेश में सावधानियों के बारे में बताया।
द्वितीय सत्र (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक): यह सत्र भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) जोधपुर के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव हारित सर द्वारा लिया गया। उन्होंने दैनिक जीवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को बेहद सरल शब्दों में समझाया और कक्षा 12वीं के बाद इस आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध देश-विदेश के शानदार करियर और रोजगार के अवसरों का पूरा खाका विद्यार्थियों के सामने रखा। इस वृहद स्तर के लाइव प्रसारण कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा तैयार करने, इसे डिजाइन करने और सफलतापूर्वक धरातल पर क्रियान्वित करने में एक समर्पित कोर कमेटी का विशेष योगदान रहा, जिसमें भागीरथ चौधरी (सीडीपीओ ), आनंद सुथार (जिला रोजगार अधिकारी ) , रावत कड़वासरा (डीडी आईसीडीएस ) शिक्षा विभाग से डॉक्टर कंचन चारण तथा अनिल भाटी , भरत वैष्णव इत्यादि शामिल रहे। संपूर्ण राजकीय विद्यालयों के संस्था प्रधानों, शिक्षकों और हजारों विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे अपने जीवन का सबसे उपयोगी और ज्ञानवर्धक सत्र बताया।



