राष्ट्रीय स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन, केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने विजेता उप विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए
कुल दस लाख के पुरस्कार बांटे, महिला वर्ग में उत्तर रेलवे विजेता रही
शिव वर्मा. जोधपुर
जोधपुर में प्रथम चैलेंज कप बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उच्च स्तरीय मुकाबले देखने को मिले। विविध राज्यों के खिलाड़ी पूरे दमखम के साथ खेले। हर मैच के साथ जोधपुरवासियों को रोमांच देखने को मिला। केन्द्रीय संस्कृति एवम् पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित फाइनल मैच पुरूष वर्ग में इंडियन बैंक की टीम विजेता रही। महिला वर्ग में नॉर्दन रेलवे वूमेन टीम विजेता रही।
एम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों का हुजूम उमड़ा।
केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बास्केट बॉल संघ जोधपुर का अध्यक्ष होने के नाते विविध राज्यों से आए खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का स्वागत किया।
केन्द्रीय मंत्री शेखावत पूरे मैच में मौजूद रहे।
राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, सीमा सुरक्षा बल सीमांत मुख्यालय के आईजी एम एल गर्ग, जोधपुर एम्स के निदेशक डॉ गोवर्धन दत्त पुरी, जोधपुर बास्केट बॉल संघ के सचिव देवेन्द्र सिंह चौहान , सचिव राजस्थान संघ देवेन्द्र सिंह शेखावत, ओलंपियन एवं अर्जुन अवॉर्डी हनुमान सिंह राठौड़
सहित अनेक गणमान्य लोग और भारत के श्रेष्ठ खिलाड़ी फाइनल मैच में मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में पुरूष वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसमें इंडियन बैंक की टीम ने यंग ओरियंस को मात देकर प्रथम चैलेंज कप पर कब्जा जमाया। इंडियन बैंक की टीम सिर्फ दो प्वाइंट के अन्तर से ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही। दोनों ही टीमों ने एक एक प्वाइंट के लिए संघर्ष किया। अन्तिम सैकंड में इंडियन बैंक की टीम जीतने में सफल रही। इंडियन बैंक ने संघर्षपूर्ण मैच के अंतिम समय में 74 72 अंकों से पराजित कर पुरुष वर्ग का खिताब जीता । जिला बास्केट बॉल संघ जोधपुर के अध्यक्ष एवं केन्द्रीय संस्कृति एवम् पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने समापन समारोह में विजेता उप विजेता टीमों और विविध वर्गों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रतिभागी टीमों को स्मृति चिह्न नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस आयोजन को कड़ी मेहनत से सफलता के इस सोपान तक पहुंचाने वाले जोधपुर बास्केट बॉल संघ की पूरी टीम और सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
सचिव देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि
जिला बास्केटबॉल संघ जोधपुर के तत्वाधान में एम्स स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित फर्स्ट चैलेंज कप बास्केटबॉल प्रतियोगिता मे पुरुष वर्ग के फाइनल मैच में विजेता इंडियन बैंक को ₹300000 एवं उपविजेता टीम को ₹200000 का पुरस्कार दिया गया। सेमीफाइनल में पहुंची अन्य दो टीमों भारतीय सेना एवं मध्य प्रदेश टीम को ₹30 30 हजार , अन्य भाग लेने वाली टीमों को ₹20000 की इनामी राशि प्रदान की गई।
महिला वर्ग के फाइनल मैच में उत्तर रेलवे ने मेजबान जोधपुर टीम को 67 46 अंकों से पराजित कर खिताब जीता । विजेता टीम को 1 लाख तथा उपविजेता टीम को 70000 रुपए एवं सेमीफाइनल में पहुंची दो अन्य टीमों को ₹20 20 हजार रुपए की इनामी राशि प्रदान की गई। पुरुष वर्ग के मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर प्रणव प्रिंस को 50000 कि नकद राशि के साथ स्वर्गीय श्री भगवान सिंह गुरुजी ट्रॉफी ,बेस्ट शूटर आरोन मोंटेरियो को 25000 की नकद राशि के साथ स्वर्गीय श्री अशोक कुमार ट्रॉफी, बेस्ट डिफेंडर प्रत्यांशु तोमर को 25000 की नकद राशि के साथ स्वर्गीय श्री राजेंद्र सिंह शेखावत ट्रॉफी प्रदान की गई। महिला वर्ग में मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर राशि खेतानी को 20000 रुपए की नकद राशि के साथ स्वर्गीय श्री जितेंद्र सिंह राठौर ट्रॉफी, बेस्ट शूटर नम्रता हुड्डा को 15000 की नकद राशि के साथ स्वर्गीय श्री राहुल चौधरी ट्राफी एवं बेस्ट डिफेंडर पायल स्वामी को 15000 रुपए की नकद राशि के साथ स्वर्गीय श्री राजेंद्र सांगा ट्रॉफी प्रदान की गई। सभी टीमों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कुल मिलाकर 10 लाख रुपए की नकद इनामी राशि जिला बास्केटबॉल संघ जोधपुर द्वारा प्रदान की गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कला संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जो स्वयं जिला बास्केटबॉल संघ एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष भी हैं। केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने इस दौरान कहा कि अगली प्रतियोगिता इनडोर स्टेडियम में आयोजित करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षको, मैनेजर के साथ आयोजन समिति एवं सभी प्रायोजकों तथा एम्स प्रशासन का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
Author: Dilip Purohit
Group Editor













