-जनरल रिजर्वेशन में भी ई- आधार प्रमाणीकरण होगा अनिवार्य
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
रेलवे द्वारा अब ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग में और अधिक पारदर्शिता लाने के महत्ती उद्देश्य से 1 अक्टूबर से नई आरक्षण प्रणाली लागू की जा रही है जिसके तहत तत्काल की भांति सामान्य आरक्षण में भी आधार प्रमाणीकरण की अनिवार्यता होगी।
रेलवे बोर्ड द्वारा संबंध में जारी निर्देशों में कहा गया है कि आरक्षण प्रणाली का लाभ अधिक से अधिक आम उपयोगकर्ता तक पहुंचाने और बेईमान तत्वों द्वारा इस संबंध में किए जाने वाले दुरुपयोग को रोकने के लिए रेलवे द्वारा यह एक और नवाचार किया जा रहा है।
जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी परिपत्र में स्पष्ट कहा गया है कि 1 अक्टूबर से सामान्य आरक्षण खुलने के पहले 15 मिनट के दौरान आरक्षित सामान्य टिकट केवल आधार प्रमाणित उपयोगकर्ताओं द्वारा भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट/ इसके ऐप के माध्यम से बुक किए जा सकेंगे।
निर्देशों में कहा गया है कि हालांकि भारतीय रेलवे के कंप्यूटरीकृत पीआरएस काउंटरों के माध्यम से सामान्य आरक्षित टिकटों की बुकिंग के समय में वर्तमान में कोई परिवर्तन नहीं होगा जिसके दौरान भारतीय रेलवे के अधिकृत टिकट एजेंटों को आरक्षण प्रारंभ होते ही आरक्षित टिकट बुक करने की अनुमति नहीं होगी।
इसका सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा, जो तत्काल बुकिंग शुरू होते ही टिकट हासिल करने की कोशिश करते हैं।




