Explore

Search

Sunday, April 13, 2025, 5:06 pm

Sunday, April 13, 2025, 5:06 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

अनंत अंबानी और राधिका अंबानी नए वर्ष पर आ सकते हैं जैसलमेर, चर्चा से जैसलमेर में पर्यटन उफान पर

Share This Post

-जैसलमेर में क्रिसमस और नए साल की तैयारियां शुरू, शहर की होटलों में अभी से नहीं मिल रही जगह

डीके पुरोहित. जैसलमेर

न्यू कपल अनंत अंबानी और राधिका अंबानी नए साल पर जैसलमेर भ्रमण पर आ सकते हैं। इसकी चर्चा शुरू होते ही स्वर्ण नगरी में पर्यटन व्यवसाय को पंख लग गए हैं। यहां पर्यटन को नई पहचान मिली है। स्वर्ण नगरी जैसलमेर में क्रिसमस व नए साल की तैयारियां चल रही है। अभी से शहर की होटलों में बुकिंग शुरू हो रही है। कई होटलों में तो नो रूम की स्थिति हो गई है। बीते दिनों दुर्गा पूजन पर बंगाली पर्यटकों के आने के बाद अब दीपोत्सव पर गुजराती सैलानी बड़ी संख्या में शहर देखने आएंगे। इसके बाद क्रिसमस और नए साल का जश्न होगा।

जैसलमेर में सितंबर से सैलानियों का हुजूम आना शुरू हो जाता है। इस बार शुरुआत में सैलानी कम आए, मगर सितंबर मध्य में संख्या बढ़ने लगी। इन दिनों शहर के गली-मोहल्लों में सैलानियों की बहार है। सैलानी पटवों की हवेली, नथमल हवेली, सालमसिंह की हवेली, सोनार किला, जैन मंदिर, अमरसागर, बड़ाबाग, लौद्रवा, गजरूप सागर सहित अन्य पर्यटन स्थलों का अवलोकन कर रहे हैं। सम और खुहड़ी में रेत के धोरों पर धमाल बच रहा है। ज्यों-ज्यों सर्दी बढ़ेगी, वैसे ही सम और खुहड़ी में कैंप फायर आयोजन बढ़ने लगेंगे।

क्रिसमस पर विशेष पैकेज

शहर में क्रिसमस को लेकर होटलों में विशेष पैकेज दिए जा रहे हैं। सम व खुहड़ी में सूर्यास्त और कैमल सफारी के लिए संबंधित एजेंसियां तरह-तरह के ऑफर दे रही हैं। कई होटलों में दो रोज और पांच रोज के भ्रमण पैकेज दिए जा रहे हैं। जितने ज्यादा पैसे, उतनी अधिक सुविधाएं। साधारण सी होटल में एक रूम के 24 घंटे के दो हजार से पांच हजार रुपए लिए जा रहे हैं। बड़ी होटलों में दो दिन के लिए चालीस हजार से लेकर चार लाख रुपए तक के पैकेज दिए जा रहे हैं। विदेशी सैलानियों के लिए इसकी कीमत और अधिक है। होटल संचालक सैलानियों को तरह-तरह के ऑफर दे रहे हैं। सोनार किले में स्थित छोटी होटल में भी बड़े रेट हैं। यहां तक कि लोग अपने घरों में सैलानियों को ठहराते हैं और मनमाना दाम वसूलते हैं।

रेस्टारेंट्स में रौनक बढ़ी

सैलानियों की आवक बढ़ने के साथ ही रेस्टोरेंट्स में चहल-पहल बढ़ने लगी है। शहर के चार किलोमीटर दायरे में स्थित रेस्टारेंट के साथ ही फार्म हाउस और पेइंग गेस्ट में भी रौनक रहने लगी है। सर्दी का असर शुरू होने के साथ ही सैलानी रेस्टारेंट में बार और भोजन का लुत्फ उठाने लगे हैं।

सूर्यास्त व ऊंट सवारी का उठा रहे आनंद

सैलानी सम और खुहड़ी में सूर्यास्त और ऊंट सवारी का लुत्फ उठा रहे हैं। शहर में रौनक देखने लायक है। विदेशी सैलानियों को सम के धोरे रास आ रहे हैं। यहां सुबह से लेकर देर शाम तक अठखेलियां करने के बाद रात को लोक संगीत का आनंद उठाते हैं। सैलानियों को लंगा व मांगणियार कलाकारों द्वारा प्रस्तुत संगीत खूब रास आता है।

म्यूजियम में उमड़ने लगे सैलानी

शहर के गड़सीसर चौराहे पर स्थित मरु लोक सांस्कृतिक केंद्र में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक नंदकिशोर शर्मा के म्यूजियम में भीड़ उमड़ने लगी है। देसी सैलानियों के साथ विदेशी सैलानी भी इसका आनंद उठा रहे हैं। कई अन्य राज्यों की कॉलेज और स्कूल टीम यहां म्यूजियम देखने आ रही हैं।

नए साल में होगा धमाल

शहर में नए साल में धमाल होगा। इस दौरान कई सेलिब्रिटी भी आते हैं। फिल्मी अभिनेताओं के साथ-साथ बिजनेसमैन भी स्वर्ण नगरी में नए साल का जश्न मनाते है। इसके लिए शहर की होटलों में तैयारियां चल रही हैं। ट्रेवल एंजेसियों के माध्यम से अभी से बुकिंग हो रही है।

Rising Bhaskar
Author: Rising Bhaskar


Share This Post

Leave a Comment