संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कहा- आदर्श विद्या मंदिरों में देशभक्ति और संस्कार आधारित दी जाती है शिक्षा
शिव वर्मा. जोधपुर
श्रीमती इंदिरा देवी मांगीलाल अग्रवाल आदर्श विद्या मंदिर सूरसागर जोधपुर के भवन विस्तार कार्य का लोकार्पण शुक्रवार को संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, विधायक सूरसागर देवेन्द्र जोशी, विद्या भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष अवनीश भटनागर भी बतौर अतिथि मौजूद थे। रामानंद महाराज का पावन सान्निध्य रहा।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि विद्या भारती संपूर्ण देश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कारों और मूल्यों के अनुरूप शिक्षित करने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आदर्श विद्या मंदिर राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से ओत-प्रोत युवा पीढ़ी के निर्माण के केंद्र के रूप में कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल ज्ञान का प्रसार करते है, बल्कि राष्ट्र प्रेम और सेवा भावना को भी विद्यार्थियों के हृदय में जागृत करते हैं।
दानदाताओं का योगदान चिरस्मरणीय :
पटेल ने अग्रवाल परिवार और अन्य भामाशाहों के अमूल्य सहयोग की सराहना करते हुए कहा सभी दानदाताओं का योगदान चिरस्मरणीय है और इससे विद्या मंदिर शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम प्राप्त करेगा।
विद्या मंदिर भारतीय शिक्षा प्रणाली के सच्चे प्रतीक : गहलोत
सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि विद्या मंदिर जैसे संस्थान भारतीय शिक्षा प्रणाली के सच्चे प्रतीक हैं। यहां शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और राष्ट्रनिष्ठा का भी समन्वय होता है, जिससे विद्यार्थी समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। विधायक देवेंद्र जोशी ने कहा कि सूरसागर का यह विद्यालय क्षेत्र में ज्ञान और संस्कार दोनों का केंद्र है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती बच्चों को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का भी पाठ पढ़ाती हैं।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में घनश्याम ओझा, राजेंद्र कुमार गहलोत, निर्मल गहलोत, जयप्रकाश अग्रवाल, रामचंद्र अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








