– अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा का नेतृत्व, पश्चिमी राजस्थान प्रांतीय माहेश्वरी सभा का आतिथ्य और जोधपुर जिला माहेश्वरी सभा की मेजबानी में अब तक का सबसे बड़ा आयोजन जोधपुर में होगा
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
सात साल बाद आज से सनसिटी में एक बार फिर इतिहास दोहराने जा रहा है। शुक्रवार को माहेश्वरी महाधिवेशन व ग्लोबल एक्सपो में देश-विदेश के हजारों माहेश्वरी बंधु सर-जमीने मारवाड़ पर देशप्रेम, समाज, संगठन व संस्कार की अभिव्यक्ति साकार करने जोधपुर पहुंच चुके हैं। 135 साल पुराने व देश के सबसे बड़े श्रृंखलाबद्ध संगठन अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के नेतृत्व में 9 से 11 जनवरी को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर जोधपुर में देश का सबसे बड़ा यह इवेंट आयोजित होने जा रहा है। यह सिर्फ मेगा इवेंट ही नहीं बल्कि माहेश्वरी समाज के उद्भव, उन्नति और उद्देश्य का एक ऐसा दस्तावेज है, जो एक थाती के रूप में समाज और देश की राह प्रशस्त करने जा रहा है।
माहेश्वरी महाधिवेशन व ग्लोबल एक्सपो की थीम ‘वैदिक से वैश्विक भारत तक समाज की भूमिका विजन 2047’ रखी गई है। महाधिवेशन में वैचारिक आदान-प्रदान, परंपरा व जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा वहीं अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश-विदेश में माहेश्वरी समाज को बुलंदिया प्रदान करने वाले प्रवासी उद्यमियों के अनुभवों के लाभ के साथ ही स्टार्टअप व स्थापित उद्यमियों को मजबूत प्लेटफॉर्म मिलेगा। अधिवेशन में 27 देशों सहित भारत के विभिन्न प्रांतों में बसे माहेश्वरी समाजबंधु शिरकत कर रहे हैं। महाधिवेशन में केवल माहेश्वरी समाज के रजिस्टर्ड समाज बंधु ही शिकरत करेंगे, वहीं ग्लोबल एक्सपो सर्वसमाज के लिए खुला रहेगा।
3 दिन ग्लोबल एक्सपो, 2 दिन महाधिवेशन
अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के महामंत्री अजय काबरा ने बताया कि 9, 10 व 11 जनवरी को माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो तथा 10 व 11 जनवरी को माहेश्वरी ग्लोबल कन्वेंशन का आयोजन होगा। पश्चिमी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा, जोधपुर जिला माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी युवा संगठन, महिला संगठन, पश्चिमी राजस्थान जिला सभाएं और सामाजिक संगठनों के साथ हजारों कार्यकर्ता, इंजीनियर्स व प्रबुद्धजन इस आयोजन की सफलता में जुटे हैं। ग्लोबल एक्सपो के लिए 750 से ज्यादा स्टॉल लगी है। जहां विभिन्न कम्पनियां अपने उत्पाद डिस्प्ले करेंगी। इस बार समाजहित और देशहित में कार्य करने वाले युवा प्रतिभागियों का सम्मान भी होगा। इससे पहले 2019 में जोधपुर में ही माहेश्वरी महाकुम्भ आयोजित हुआ था, जब वर्तमान सभापति संदीप काबरा महासभा के महामंत्री तथा जूठन नहीं छोड़ने के संकल्प के साथ अभियान की शुरूआत की गई थी, जिसे विभिन्न समाज और केंद्र सरकार तक लागू कर चुकी है।
अनुभवों से लाभान्वित होने का सुअवसर
पश्चिमी राजस्थान प्रांतीय माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष रतनलाल डागा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन में जहां समाजबंधुओ में वैचारिक आदान-प्रदान व परंपरा के साथ जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा, वहीं ग्लोबल एक्सपो में औद्योगिक जगत में विशेष मुकाम हासिल कर अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश-विदेश में माहेश्वरी समाज को बुलंदिया प्रदान करने वाले उद्यमियों से रूबरू होकर उनके अनुभवों से लाभान्वित होने के अवसर के साथ ही स्टार्ट-अप व स्थापित उद्यमियों को मजबूत प्लेटफॉर्म सुलभ होगा।
परंपरा व दर्शन को जानने का मिलेगा मौका
जोधपुर जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पुरूषोत्तम मूंदड़ा ने बताया कि गत बार आयोजित माहेश्वरी महाकुम्भ व ग्लोबल एक्सपो से जोधपुर का नाम सात समंदर पार तक गूंजा। इसकी व्यवस्थाओं की समूचे राष्ट्र में सराहना की गई। इस बार पचास हजार माहेश्वरी बंधु जोधपुर में जुटेंगे। इससे निश्चित ही जोधपुराइट्स भी लाभांवित होंगे। प्रवासी उद्यमियों के अनुभवों के लाभ के साथ ही स्टार्टअप व स्थापित उद्यमियों को मजबूत प्लेटफॉर्म मिलेगा। माहेश्वरी समाज का सामाजिक व सांगठनिक ढांचा भी मजबूत होगा। युवाओं को रोजगार के लिए यह पटल वाकई काबिले गौर है। महाकुम्भ केवल माहेश्वरी समाज का ही नहीं अपितु पूरे जोधपुर शहर का है।
उद्यमशीलता और नए रोजगार सृजन
स्वागत समिति के अध्यक्ष गोपी किशन मालाणी ने बताया कि माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो में व्यापारियों के पास फ्रैंचाइजी के अनगिनत अवसर उपलब्ध रहेंगे। एक और जहां स्टार्ट-अप चैलेंज उद्यमशीलता और नए रोजगार सृजन के अवसरों के लिए स्थापित उद्यमियों व स्टार्टअप्स के लिये एक नया आयाम साबित होगा। वहीं जॉब फेयर में नियोक्ता व कैंडिडेट्स को असीमित अपॉर्चुनिटी मिलेगी। रोजाना बिजनेस विषयों पर सेमिनार्स भी होंगे। युवाओं के लिए उद्यमशीलता और नए रोजगार सृजन के अवसरों के लिए स्टार्टअप चैलेंज के रूप में विषेश प्लेटफार्म उपलब्ध रहेगा जो, उद्यमशीलता के लिये एक नया आयाम साबित होगा। यह प्लेटफार्म युवाओं को अपना बिजनेस स्थापित करने व सम्पर्कों के माध्यम से सीधे नेटवर्क बनाने में मदद करेगा।
जोधपुराइट्स को मिलेगा फायदा
मुख्य समन्वयक ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि ग्लोबल एक्सपो में एडवरटाइजिंग, केमिकल एंड पेट्रोलियम, एमएमसीजी, इंजीनियरिंग इडंस्ट्रीज, ऑटो मोटिव्ज, फेशन एंड लाइफ स्टाइल, हॉस्पिलेटी, मेडिकल एंड इंडस्टीज, कॉस्मेटिक एंड पर्सनल केयर, फर्नीचर एंड इंटीरियर्स, कंज्यूमर इलेक्ट्रोनिक्स व ड्यूबल्स, एज्यूकेशन-गाइडेंस, बैंकिंग एंड फाइनेंसियल सर्विस, आईटी इंडस्ट्रीज, कंस्ट्रेक्शन एंड रियल एस्टेट, सोलर एनर्जी सर्विस, लोजिस्टिक्स, एनजीओ, आर्गेनिक एंड एग्रो प्रोडक्ट्स, पैकिंग व प्रिटिंग तथा रिन्युबल एनर्जी सहित दर्जनों सेक्टर्स में कार्यरत कंपनियों की स्टॉल्स लगेंगी। देश विदेश की नामचीन कंपनियां इसमें भाग लेंगी। इससे उद्यमियों, युवाओं व जोधपुराइट्स को इसका फायदा मिलेगा।
भविष्य को आकार देगा ‘त्रिसर्ग’
माहेश्वरी समाज सिर्फ परम्पराओं में ही नहीं बल्कि नवाचार और उद्यमशीलता में भी अग्रणी है, जिसका साक्षी बनेगा स्टार्टअप कॉन्क्लेव त्रिसर्ग’ जो ‘विचार’ ‘मार्गदर्शन व निवेश’ और ‘क्रियान्वयन एवं प्रभाव’ का संगम है। ‘त्रिसर्ग’ उद्यमशीलता और नए रोजगार सृजन के अवसरों के लिए स्थापित उद्यमियों व स्टार्टअप्स के लिये एक सेतु बनेगा जिसमें नियोक्ता व कैंडिडेट्स को असीमित अपॉर्चुनिटी मिलेगी तथा यह प्लेटफार्म नए चेहरों (युवाओं) को अपना बिजनेस स्थापित करने के साथ ही सम्पर्कों के माध्यम से सीधे नेटवर्क बनाने में मदद करेगा। त्रिसर्ग के साथ देश-विदेश के 60 से ज्यादा रिनॉउड इन्वेस्टर्स, मैंटोर्स व एडवाइजर्स जुड़े हुए है जो विभिन्न उद्योगों में अग्रणी है और इस पहल को युवाओं तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। माध्यम से 100 करोड़ का संभावित फंडिंग इकोसिस्टम तैयार होगा। त्रिसर्ग केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि माहेश्वरी समाज के भविष्य को आकार देने का एक आंदोलन है। यह नवाचार आने वाली पीढ़ियों को उद्यमशीलता, नवाचार और सेल्फ रिलायंस की दिशा में प्रेरित करेगा।
मारवाड़ी परम्परा से पावणों का अभूतपूर्व अभिनंदन
महाकुंभ के दौरान अतिथियों के स्वागत में शहर के प्रमुख चौराहों को सजाया गया है। आकर्षक रोशनी भी की गई है। साथ ही हर चौराहे पर लोक कलाकार घूमर, कालबेलिया व पारंपरिक नृत्य के साथ म्हारो गोरबंध नखराळो.. लड़ली लूंबा झुंबा.. सहित अन्य मनमोहक गीतों पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मारवाड़ की संस्कृति से रूबरू करवाएंगे। इसके अतिरिक्त मेहरानगढ़, आर्मी, बीएसएफ, एफओडी, बठिंडा की पंजाबी बैंड सहित देश की 11 प्रसिद्ध, बैंड मधुर स्वरलहरियां बिखेरेंगी। विश्व प्रसिद्ध कनाना की गेर व कच्छी घोड़ी नृत्य से राजस्थानी संस्कृति जीवंत हो उठेंगी
रीति-रिवाज, संस्कृति व परंपरा की झलक
महाकुंभ स्थल पर प्रवेश के लिए आधुनिक तकनीक से सुसज्जित भव्य द्वार बनाया गया है। मुख्य गेट 600 फीट लम्बा व 200 फीट ऊंचा बनाया गया है। एलईडी व एमआई बार्स से द्वार को आकर्षक बनाया गया है। मुख्य द्वार की भव्यता का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है, कि इस पर लगी बड़ी-बड़ी स्क्रीन्स एमआई बार्स पर निरंतर माहेश्वरी समाज के रहन-सहन, रीति-रिवाज, संस्कृति व परंपरा की जीवंत झलक दृष्टिगोचर होंगी।
अतिथियों पर होगी फूलों की बारिश
मुख्य द्वार पर जोधपुर राजघराने के नगारची रजवाड़ी साज ‘धूसा’ व ‘दमामा’ बजाकर तथा नौपत व शहनाई के साथ राजस्थानी, पंजाबी, बंगाली, गुजराती, मराठी, तमिल, कन्नड़ सहित सात भाषाओं में उनका गायन कर अतिथियों का स्वागत करेंगे। मुख्य द्वार से अतिथियों के प्रवेश करते ही तोपों से उन पर फूलों की बारिश होगी। वहीं केसर की बनी क्यारियों में राजस्थानी परिधान में सजी माहेश्वरी समाज की बालिकाएं आकर्षक नृत्य से अतिथियों का सत्कार करेंगी। मुख्य पंडाल में लगे आकर्षक फव्वारों से जय महेश का जयघोष भी होगा।
भजन कीर्तन और शहीदों काे सलामी
माहेश्वरी समाज की ओर से 10 जनवरी को सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य शहर के प्राचीन स्थापत्य कला से सभी को रूबरू होना है। यह जोधपुर प्रशासन की ओर से नाइट टूरिस्ट को जो प्रोत्साहित किया जा रहा है उसी अनुरूप शहर के भीतरी भागों से समाज के बंधु संकीर्तन एव जय जय महेश जय भारत देश के नारे के साथ सभी मंदिरों में अर्चना भी करेंगे। शोभायात्रा सुबह यूनिवर्सिटी के केंद्रीय कार्यालय के बाहर शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को सलामी व श्रद्धांजलि देकर पॉलिटेक्निक ग्राउंड में आएगी।
अलंकरण से सुशोभित होंगे समाज के कर्मयोगी
माहेश्वरी महाकुम्भ में इस बार कई नवाचार किए जा रहे हैं। इन नवाचारों के तहत समाज 11 जनवरी को अलंकरण समारोह आयोजित होगा जिसमें माहेश्वरी समाज के कर्मयोगियों को ‘समाज रत्न’, ‘समाज भूषण’ व ‘समाज गौरव’अलंकरण से सुशोभित किया जाएगा। समाज सेवा के क्षेत्र में बेहततीन और उत्कृष्ट कार्य व विशेष उपलब्धि हासिल करने वालों को ‘समाज रत्न’, उच्च कोटि की विशिष्ठ सामुदायिक सेवा के लिए ‘समाज भूषण’ तथा किसी भी फील्ड में उल्लेखनीय सेवा के लिए ‘समाज गौरव’ अलंकरण प्रदान किया जाएगा।
250 बीघा में माहेश्वरी महाकुंभ
महाकुंभ के लिए 250 बीघा निर्धारित की गई है । जहां पंडाल, पार्किंग, फूड कोर्ट, भोजनशाला, किड्स गेम जोन सहित विभिन्न व्यवस्थाएं निर्धारित की गई है। इसमें 70 बीघा क्षेत्र में विशेष रूप से विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है। कन्वेंशन व एक्सपो पंडाल के बीच माहेश्वरी समाज के आराध्य देवों के देव महादेव की 35 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। राजस्थान ही नहीं संपूर्ण भारतवर्ष में किसी भी ट्रेड फेयर में अब तक का सबसे भव्य आयोजन होगा।
कन्वेंशन के लिए विशाल पंडाल
कन्वेंशन के लिए 200 गुणा 700 फीट एरिया में विशाल पंडाल बनाया गया है। पूरे पंडाल में बीच में कही भी अवरोध नहीं होगा। इस पंडाल में करीब 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। कन्वेशंन पंडाल में केवल माहेश्वरी बंधुओं को ही प्रवेश की इजाजत रहेगी। यहां माहेश्वरी समाज की उत्त्पति से लेकर उत्थान तक समूची जानकारी समाहित की जाएगी। विभिन्न सेमिनार्स के आयोजन से पारम्पिरिक मूल्यों व समाज विकास व विजन पर मंथन किया जाएगा।
बुजुर्गों के लिए 150 ई-व्हीकल्स की व्यवस्था
अतरराष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन व ग्लोबल एक्सपो में शामिल होने वाले बुजुर्गों के आवागमन के लिए परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है। चलने फिरने में असमर्थ लोगों के लिए 100 से 150 ई-व्हीकल्स उपलब्ध रहेगी जिसके माध्यम से वे महाधिवेशन व एक्सपो को निहार सकेंगे। चालीस से ज्यादा रजिस्ट्रेशन काउंटर भी बनाए जाएंगे। जहां विजिटर्स का रजिस्टे्रशन होगा तत्पश्चात ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
महाकुम्भ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सम्पूर्ण परिसर आधुनिक तकनीक व हाई रिजोल्वेशन के 500 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। इसके लिए विशेष रूम बनाया जाएगा। कैमरों को विशेषज्ञों की टीम ऑपरेट करेगी। परिसर में वॉच टॉवर का भी निर्माण होगा जिससे पूरे परिसर पर नजर रखी जाएगी।
दुनियाभर के खूबसूरत फूलों से श्रृंगारित भव्य मंदिर में विराजेंगे महादेव
अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन व ग्लोबल एक्सपों में स्थल पर माहेश्वरी समाज के आराध्य देवो के देव महोदव भव्य मंदिर में विराजित होंगे। मानसरोवर के साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी होंगे। दुनियाभर के खूबसूरत फूलों से श्रृंगारित इस मंदिर में सुबह-शाम महाआरती से विश्व के कल्याण की कामना की जाएगी। हमेशा फूलों की भव्य झांकियां सजाई जाएगी। इसके लिए विशेष तौर से नासिक, बैंग्लौर, कश्मीर से विदेशी ट्यूलिप, पंचमुखी, गुलाब, चेरी ब्लॉसम, डेहलिया, भंग, सफेद कमल, कुमुदिनी, ओरिएंटल पोस्ता, प्लुमेरिया सहित विभिन्न प्रकार के मनभावन फूल मंगवाए गए हैं जो मंदिर की सुंदरता में चार चांद लगाएंगे वहीं उनकी शानदार खुशबू बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करेगी।
हर क्षेत्र के एक्सपर्ट करेंगे मार्गदर्शन
अफिनेंसिशल डिसीप्लेन एन प्लानिंग” विषयक सेमिनार टोक शो फार्मेट में आयोजित होगा। इसमें आनंद राठी ग्रुप के सीएमडी आंनद राठी डीमार्ट के रमेश दमानी, प्रसिद्ध उद्यमी मधु केला, “बचपन से नियमित निवेश आपके बच्चे को कैसे वित्तीय रूप से सुरक्षित कर सकता है” के बारे में गाइड करेंगे। इस शो में मंगलम मालू मोडरेट की भूमिका में रहेंगे। “जान है तो जहान है” सेशन में कार्तिकेय बाल्दवा, विष्णुकांत भूतडा, और वीना मूंदडा वैकल्पिक भारतीय चिकित्सा पद्वति, हमारा खानपान और हमारा स्वास्थ्य, बढता कैंसर कारण व निवारण, भारतीय योग प्राणायम प्राकृतिक चिकित्सा तथा भारतीय जीवन पद्धति के बारे में बताएंगे। प्रीति गुप्ता व सोनल भूतडा “फाइनेंशियल लिट्रेसी फॉर वीमन”, आंनद बांगड “इनोवेटिव पैकेंजिंग”, रतन डागा “आर्गेनिक एंड स्पीसीज”, कर्तिका बाल्दवा “आयुर्वेदिक एंड वेलनेस प्रोडक्ट” तथा मोहित बाहेती “आर्पोच्यूनिटी इन सर्विस सीजन” के बारे में उद्बोधन देंगे। 11 जनवरी को विभिन्न सेसंस में सेमिनार्स आयोजित होंगे। “वीमन एट द क्रॉसराड्स: हाउ टू मैनटेन वर्क-फैमिली बैलेंस” सेशन के तहत दिप्ती किरण माहेश्वरी, संस्कारी सोमानी, गरिमा लोहिया, राधिका गुप्ता, मोनिका मेहता, चंद्रा बूब व उमा बाल्दी, महिलाओं की समाज व जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका, बदलते परिवेश में पारिवारिक, आर्थिक, सामाजिक व संस्कार बचाने में बहुआयामी भूमिका के बारे में विचार साझा करेंगी। नेक्स्ट सेशन में अभय भूतड़ा व धनश्री मानधना “जेन जी: डिकोडिंग” के बारे में बताएंगे। चेतना फाउंडेशन स्क्रीन टाइम सेवर के रामपाल सोनी, श्याम सोनी, तथा माहेश्वरी विद्या प्रचारक मंडल के सतीश चरखा “हमारा समाज, हमारा संगठन इसका वर्तमान स्वरूप, भविष्य की आवश्यकताओं” की जानकारी देंगे। निलेश प्रतानी, गोविंद व श्रीकांत बाल्दी के “रिमैनिंग इज्यूकेशन फॉर टूमारो” सेशन के बाद पारम्परिक रूप से सेमिनार्स का समापन होगा। गौरतलब हैं कि सेमिनार्स के समानांतर एनआरआई, सीए, डाक्टर्स, डिफेंस सेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों के सेमिनार्स भी आयोजित होंगे, जिनमें माहेश्वरी समाज के गणमान्यजन भाग लेंगे।
Author: Dilip Purohit
Group Editor








