वार्ड संख्या 8, भाग संख्या 5 में सुचारू एवं शांतिपूर्ण मतदान व्यवस्था का लिया जायजा
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
नगर निगम जोधपुर आम चुनाव-2026 के तहत उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने शुक्रवार को वार्ड संख्या 8, भाग संख्या 5 स्थित सामुदायिक भवन-2, लक्ष्मी नारायण मंदिर मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के पश्चात चौधरी ने बताया कि मतदान केन्द्र पर मतदान प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर मतदाताओं के लिए सहज वातावरण है तथा मतदाता क्रमबद्ध रूप से मतदान कर रहे हैं। मतदान में न्यूनतम समय लग रहा है और मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह एवं उमंग भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्र परिसर पर्याप्त रूप से विस्तृत है तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए डोम सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। केन्द्र पर सुरक्षा व्यवस्था भी माकूल है। बूथ लेवल अधिकारी, मतदान दल एवं निर्वाचन अभिकर्ता अपने दायित्वों का सुचारू रूप से निर्वहन कर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि मतदान केन्द्र पर समुचित व्यवस्थाओं एवं कार्मिकों के आपसी समन्वय से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
चुनावी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मतदाताओं से लिया सुविधाओं का फीडबैक
जोधपुर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने जोधपुर शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया एवं चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
किसान कन्या एवं बालसमंद स्थित मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय किसान कन्या, नागौरी बेरा तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय, बालसमंद, जोधपुर में स्थापित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए मतदान प्रक्रिया की सुचारु व्यवस्था का जायजा लिया।
मतदाताओं से किया संवाद, व्यवस्थाओं पर लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान श्री रंजन ने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद किया तथा बूथ पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में उनसे फीडबैक लिया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर मतदान संबंधी व्यवस्थाओं, मतदाताओं के आवागमन तथा बूथ स्तर पर की गई तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित कार्मिकों से मतदान व्यवस्था के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एरिया मजिस्ट्रेट श्री उमेश मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
नगर निगम जोधपुर आम चुनाव 2026 दोपहर 3 बजे तक 56.42 प्रतिशत मतदान
100 वार्डों में शांतिपूर्ण एवं सुचारू मतदान जारी, 4 लाख से अधिक मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग
जोधपुर। नगर निगम जोधपुर आम चुनाव 2026 के तहत नगर निगम क्षेत्र के 100 वार्डों में शुक्रवार को प्रातः 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से जारी है। सभी मतदान केन्द्रों पर निर्धारित समय पर मतदान प्रारंभ हुआ तथा मतदाताओं द्वारा उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया जा रहा है। निर्वाचन विभाग द्वारा दोपहर 3 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार नगर निगम जोधपुर क्षेत्र में कुल 56.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इस अवधि तक कुल 4,01,822 मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जा चुका है।
दोपहर 3 बजे तक मतदान की स्थिति



नगर निगम जोधपुर क्षेत्र में कुल 7,12,168 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से दोपहर 3 बजे तक 4,01,822 मतदाता मतदान कर चुके हैं। इस प्रकार अब तक कुल 56.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

