Explore

Search

Thursday, November 12, 2026, 11:12 am

Thursday, November 12, 2026, 11:12 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

पंजाब ने मदासर रिजर्वायर में रोकी पानी की सप्लाई, कायलाना-तखतसागर में तीन दिन का ही जल भंडार

दो दिन पानी देने के बाद एक नवंबर से बंद हुई आपूर्ति, जलसंकट की आशंका बढ़ी; जोधपुर के लिए रोजाना 275 एमएलडी अतिरिक्त पानी की जरूरत

जोधपुर। जलसंकट से जूझते जोधपुर के लिए एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। फलोदी के मदासर में बने नए एस्केप रिजर्वायर में पंजाब से पानी की आपूर्ति रोक दी गई है। 1535 एमसीएफटी क्षमता वाले इस रिजर्वायर में पंजाब सरकार ने 30 अक्टूबर को पहली बार पानी छोड़ा था, लेकिन महज दो दिन बाद एक नवंबर से सप्लाई बंद कर दी गई। इससे जोधपुर के लिए अतिरिक्त पानी मिलने की उम्मीदों को झटका लगा है।

एक महीने में मदासर रिजर्वायर 10 फीट तक भर जाता तो जोधपुर को रोजाना 275 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलना शुरू हो सकता था। इससे शहर का जलसंकट काफी हद तक दूर होने की उम्मीद थी।

इधर, कायलाना-तखतसागर में अब केवल तीन दिन की जलापूर्ति लायक पानी बचा है। दोनों जलाशयों की कुल भराव क्षमता 353 एमसीएफटी है, जबकि वर्तमान में 160 एमसीएफटी पानी उपलब्ध है। इसमें 120 एमसीएफटी डेड स्टोरेज है, जो पीने योग्य नहीं है। इस प्रकार उपयोग के लिए महज 40 एमसीएफटी पानी शेष है।

वर्तमान में इंदिरा गांधी लिफ्ट नहर से रोजाना 15 एमसीएम पानी मिल रहा है, जो पूरी जलापूर्ति में खर्च हो जाता है। नहर से आपूर्ति बाधित होने पर कायलाना-तखतसागर का जलस्तर तेजी से गिर सकता है।

उधर, तखतसागर में पानी का स्तर घटने की चिंता भी बढ़ रही है। प्रशासन नहर की सफाई के लिए क्लोजर अवधि में जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में पंजाब से मदासर में पानी की आपूर्ति दोबारा शुरू होना जोधपुर के लिए बेहद जरूरी हो गया है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor