केडी इसरानी. स्वतंत्र पत्रकार. जयपुर
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि सुभाष चौक थाना वर्तमान में बेहद सीमित जगह पर संचालित है। आस-पास उपयुक्त खाली भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे स्थानान्तरित करने के लिए भूमि चिह्नित नहीं की जा सकी है। उन्होंने कहा कि सघन इलाकों में पुलिस चौकियां खोलने के लिए राज्य सरकार द्वारा सर्वेक्षण करवाया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर नई पुलिस चौकियां खोलने पर विचार किया जाएगा।
गृह राज्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक बालमुकुन्दाचार्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि चार दरवाजा बारियों के बाग स्थित खाली जमीन निजी भूमि होने के कारण सुभाष चौक थाना को यहां पर स्थानान्तरित किया जाना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि इस जमीन पर पारिवारिक विवाद चल रहा है तथा उच्च न्यायालय का स्टे है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले के बाद ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
बेढ़म ने कहा कि वर्तमान में इस भूमि पर बाउन्ड्री वॉल नहीं है। कुछ पड़ोसियों द्वारा अपने दरवाजे इस भूमि पर खोले गए हैं, जिसके संबंध में अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि नियमानुसार आवासीय भवन सहित पुलिस थाने के लिए 5 हजार वर्ग मीटर तथा आवासीय भवन रहित पुलिस थाने के लिए 3 हजार वर्ग मीटर जमीन होनी आवश्यक है। इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री ने कहा कि जयपुर शहर का पुलिस थाना सुभाष चौक अत्यन्त सीमित जगह पर संचालित है। वर्तमान में पुलिस थाना सुभाष चौक के मालखाना, बैरिक व मैस का संचालन थाने के सामने स्थित धर्मशाला में निःशुल्क किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चार दरवाजा बारियों का बाग स्थित भूमि वर्तमान में खाली है, जिस पर माननीय उच्च न्यायालय D.B. Civil Writ Petition No. 9466/2014एवं न्यायालय अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश क्रम संख्या 07 जयपुर महानगर में दीवानी विविध अपील संख्या 12/2019 में वाद चल रहा है। जिसके कारण पुलिस थाना सुभाष चौक को वर्तमान में उक्त भूमि पर स्थानान्तरित किया जाना संभव नहीं है।







