Explore

Search

Monday, April 21, 2025, 3:00 am

Monday, April 21, 2025, 3:00 am

LATEST NEWS
Lifestyle

जैसलमेर-पोकरण में मतदान के प्रति दिखा उत्साह, लोकतंत्र के यज्ञ में युवा-बुजुर्गों ने दी आहुतियां

Share This Post

 

(जैसलमेर-पोकरण चुनाव के विभिन्न नजारे।)

जैसलमेर में 77.56 और पोकरण में 87.10 प्रतिशत मतदान हुआ

कैलाश बिस्सा. तनमय बिस्सा. जैसलमेर

जैसलमेर विधानसभा चुनाव में 25 नवंबर को जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी रूपाराम और भाजपा प्रत्याशी छोटूसिंह के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद कर दिया। मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सुबह से ही मतदान के प्रति लोगों में भारी उत्साह देखा गया। जिला प्रशासन के अधिकारी मुस्तैद रहे और पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रहा। शाम को प्राप्त जानकारी के अनुसार जैसलमेर में विधानसभा में 252655 मत में से 195952 मत पड़े। मतदान प्रतिशत 77.56 रहा।

कांग्रेस के प्रत्याशी रूपाराम और भाजपा के छोटूसिंह भाटी ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। इस बार दोनों ही प्रत्याशियों की ओर से पूरा जोर लगाया गया। जैसलमेर की जनता ने दोनों के भाग्य का फैसला लिख दिया है। मतगणना 3 दिसंबर को होगी। सुबह से ही तेज सर्दी के बावजूद गांव-शहर में मतदान के प्रति लोगों में उत्साह देखा गया। पहली बार वोट देने वालों में अलग ही क्रेज देखने को मिला। चुनाव में जहां कई लोग बीमारी के बावजूद वोट देने आए तो कुछ लोग व्हीलचेयर पर वोट देने आए। सुबह से ही लोग कतार में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।

युवा मतदाताओं का मतदान के प्रति भारी उत्साह रहा। पहली बार मत देकर उन्होंने खुद को गौरवान्वित महसूस किया। वयोवृद्ध मतदाताओं ने भी पूर्ण उत्साह के साथ मतदान कर लोकतंत्र के उत्सव में सभी को मतदान करने का संदेश दिया। जैसलमेर जिले में विधानसभा जैसलमेर 132 एवं विधानसभा क्षेत्र पोकरण 133 में शनिवार 25 नवंबर को मतदान दिवस को मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया एवं लोकतंत्र के इस उत्सव में बढचढ कर हिस्सा लिया तथा अपने अमूल्य मत का प्रयोग कर सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया।

सूरज चढने के साथ ही मतदान केन्द्रो पर मतदाताओं की कतारे लगनी शुरू हो गई वहीं महिला मतदाता भी सजधज कर मतदान केन्द्र पहुंची तथा उत्साह के साथ अपना मतदान किया। लोकतंत्र के इस उत्सव में जहां वयोवृद्ध मतदाताओं ने अपने जीवन के अंतिम पडाव में उमंग के साथ मतदान कर युवाओं को अमूल्य मत के महत्व का संदेश दिया। मतदान के दिवस पर पहली बार मत का प्रयोग करने वाले युवा मतदाता बहुत ही उत्साहित दिखाई दे रहे थे एवं मतदान पर अपने मत का प्रयोग कर अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे।

वयोवृद्ध मतदाताओं ने दिखाया मतदान के प्रति उत्साह, डाला मत

मतदान दिवस पर वृद्ध मतदाताओं ने भी मतदान के प्रति रुचि दिखाई एवं उम्र के इस पडाव पर पूर्ण उत्साह के साथ मतदान कर सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी को ये संदेश दिया कि मत लोकतंत्र के उत्सव में कितना अमूल्य है एवं हर मतदाता को इस उत्सव में आगे आकर मतदान करना चाहिए। देवीकोट मतदान केन्द्र संख्या 320 पर 80 वर्षीया श्रीमती मीयण ने अपनी पुत्र वधु श्रीमती हीरा के साथ लकडी के सहारे मतदान केन्द्र पर पहुचकर मतदान किया वहीं रासला मतदान केन्द्र पर आंखों की कम रोशनी के साथ भी 85 वर्षीय सांगसिंह ने अपने भाई के पुत्र जब्बर सिंह के सहारे मतदान केन्द्र पर पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही रासला में ही 77 वर्षीया श्रीमती फूलकंवर ने अपने पोते नरपत सिंह के संग लाठी के सहारे मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदान किया एवं मतदान का महत्व समझाया। मदासर मतदान केन्द्र पर 85 वर्षीया श्रीमती मग्गी कंवर ने अपने देवर के पुत्र जगदीश के साथ मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने अमूल्य मत का प्रयोग किया। इसके साथ ही पोकरण के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मे स्थापित मतदान केन्द्र पर 85 वर्षीया श्रीमती गवरी देवी ने अपने पुत्र गोरधनराम सैन के कंधे के सहारे मतदान केन्द्र पर पहुंचकर अपने अमूल्य मत का प्रयोग किया। इसके साथ ही बूथ संख्या 98 पर 88 वर्षीय श्रीमती गज्जु देवी ने अपने पुत्र प्रकाश गिरि के साथ लाठी के सहारे मतदान केन्द्र पहुंचकर लोकतंत्र के उत्सव मे अपनी अटूट आस्था प्रदर्शित की।

पहली बार मतदान कर युवा मतदाताओं ने अपने आप को किया गौरवान्वित महसूस

मतदान के दिवस युवा मतदाता जिन्होंने पहली बार लोकतंत्र के इस उत्सव में अपने मत का प्रयोग कर अपने आप को गौरवान्वित महसूस किया। डाबला मतदान केन्द्र पर 19 वर्षीया कुमारी ईशा पुत्री जीवनलाल एवं 19 वर्षीय पृथ्वी सिंह पुत्र इन्द्रसिंह ने पहली बार अपने मत का प्रयोग किया वंही देवीकोट मतदान केन्द्र पर 20 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र अमराराम, 1़9 वर्षीय हिम्मताराम पुत्र करणाराम बेलदार ने अपने मत का पहली बार प्रयोग कर प्रजातांत्रिक व्यवस्था में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई वहीं सांकडा मतदान केन्द्र पर 20 वर्षीय कुमारी पुष्पा पुत्री मूलसिंह, 20 वर्षीय कुमारी संतोष कंवर पुत्री देरावर सिंह, पोकरण राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में रंगबिरंगे सजे धजे शक्ति मतदान केन्द्र पर 21 वर्षीय कुमारी आरती पुत्री राजेन्द्र शर्मा ने पहली बार अपने मत का प्रयोग किया एवं कहा कि हम आज गर्व से प्रफुल्लित है।

दिव्यांग मतदाताओं ने भी उमंग के साथ किया मतदान

मतदान के दिन दिव्यांग मतदाता भी मतदान करने से पीछे नही रहें तथा उन्होंने अपने मत का उमंग के साथ प्रयोग कर अन्य मतदाताओं को यह संदेश दिया कि सभी अपने मताधिकार का प्रयोग करें एवं लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी निभाएं। सेलवी मतदान केन्द्र संख्या 179 पर दिव्यांग 75 वर्षीया श्रीमती असरम ने अपनी पुत्र वधु श्रीमती हाजु के सहारे मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने अमुल्य मत का प्रयोग किया वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण के मतदान केन्द्र संख्या 98 पर पैरों से दिव्यांग 39 वर्षीय श्रीमती सुशीला पत्नी महावीर सिंह तथा 43 वर्षीय श्रीमती पांचु पत्नी निंबाराम ने भी पूर्ण उत्साह के साथ मतदान किया। खेतोलाई मतदान केन्द्र पर 72 वर्षीय रेशमा राम ने व्हील चेयर पर बैठकर अपने पोते विकास विश्नोई के सहारे मतदान केन्द्र पहुचे एवं अपने मत का प्रयोग किया। इसी प्रकार चाचा मतदान केन्द्र पर लकवाग्रस्त 58 वर्षीया श्रीमती कंवरी पत्नी भाई खान ने अपने पुत्र नसीब खान के कंधे के सहारे मतदान केन्द्र पहुच कर मत का प्रयोग किया। वहीं जिले में जिला निर्वाचन द्वारा दिव्यांगों के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर की व्यवस्था किये जाने से दिव्यांगो को भी मतदान करने में सुगमता रही और उन्होंने इस व्यवस्था की भी सराहना की।

Rising Bhaskar
Author: Rising Bhaskar


Share This Post

Leave a Comment